अररिया, नरपतगंज. भारत-नेपाल सीमा से सटे नेपाल के सुनसरी जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 413 किलो 980 ग्राम गांजा बरामद किया है. गांजा देवानगंज गांवपालिका वार्ड संख्या एक के मध्यहर्षाही स्थित रामजानकी मंदिर के पीछे एक गोशाला में छिपाकर रखा गया था. पुलिस ने मौके से भारतीय नंबर की एक बाइक भी लावारिस हालत में बरामद की है. मामले की जांच शुरू कर दी गयी है.
गुप्त सूचना पर गोशाला में पहुंची पुलिस टीम
पुलिस के अनुसार बुधवार सुबह करीब नौ बजे गुप्त सूचना मिली थी कि मध्यहर्षाही क्षेत्र में गांजा छिपाकर रखा गया है. सूचना के आधार पर इलाका पुलिस कार्यालय देवानगंज से पुलिस टीम मौके पर पहुंची. रामजानकी मंदिर के पीछे स्थित गोशाला की तलाशी लेने पर वहां छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ.
काले प्लास्टिक में लपेटकर बोरियों में रखा था गांजा
पुलिस ने बताया कि गांजा काले प्लास्टिक में लपेटकर सफेद बोरियों के अंदर रखा गया था. बरामद गांजे का कुल वजन 413 किलो 980 ग्राम बताया गया है. पुलिस ने गोशाला के पीछे लावारिस हालत में खड़ी भारतीय नंबर की बीआर 38 आर 0558 बाइक को भी जब्त कर लिया.
भारतीय नंबर की बाइक से तस्करी का कनेक्शन खंगाल रही पुलिस
गांजा और बाइक को जिला पुलिस कार्यालय, सुनसरी लाकर जांच शुरू कर दी गयी है. पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि गोशाला में इतनी बड़ी मात्रा में गांजा किसने और किस उद्देश्य से छिपाकर रखा था. साथ ही भारतीय नंबर की बाइक किसकी है और उसका इस्तेमाल गांजा तस्करी में किया गया था या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है.
तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज
जिला पुलिस कार्यालय सुनसरी की अन्वेषण एवं योजना शाखा के अनुसार मामले में संलिप्त लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच आगे बढ़ायी जा रही है. देवानगंज थाना प्रभारी प्रकाश पराजुली ने बताया कि गांजा किसने रखा था और भारतीय नंबर की बाइक किसकी है, इसका पता लगाया जा रहा है. उन्होंने जल्द ही तस्करी में शामिल लोगों की पहचान कर कार्रवाई किये जाने की बात कही.
सीमा क्षेत्र में तस्करी को लेकर बढ़ी चिंता
भारत-नेपाल सीमा से सटे क्षेत्र में इतनी बड़ी मात्रा में गांजा बरामद होने के बाद सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गयी है. पुलिस अब बरामद बाइक और गांजे के आधार पर तस्करी के नेटवर्क से जुड़े लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है.
