Narpatganj Sand Mining: नरपतगंज (अररिया). फुलकाहा थाना क्षेत्र अंतर्गत सुरसर नदी में अवैध बालू खनन के खिलाफ गुरुवार सुबह खनन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी की. टीम ने मौके से बालू लदे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया, जबकि अवैध खनन में शामिल अन्य वाहन मौके से भागने में सफल रहे.
कई दिनों से मिल रही थी अवैध खनन की सूचना
बताया गया कि अररिया की खान निरीक्षक नकेहकशा फिरदौस को पिछले कई दिनों से सूचना मिल रही थी कि सुरसर नदी के विभिन्न हिस्सों में खनन माफिया पंपसेट और मजदूरों की मदद से अवैध रूप से बालू निकाल रहे हैं. नदी से निकाले गए बालू को ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से आसपास के इलाकों में ले जाकर बिक्री किए जाने की भी शिकायत मिल रही थी.
सुबह-सुबह नदी क्षेत्र में हुई छापेमारी
सूचना के आधार पर खान निरीक्षक ने गुरुवार सुबह फुलकाहा पुलिस टीम के साथ सुरसर नदी के संबंधित क्षेत्र में छापेमारी की. संयुक्त टीम को देखकर अवैध खनन में लगे अन्य वाहन चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गए. हालांकि टीम ने बालू लदे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ लिया.
अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई जारी
खनन विभाग की कार्रवाई के बाद जब्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए पुलिस के हवाले किया गया. अधिकारियों ने कहा कि नदी क्षेत्र में अवैध खनन की गतिविधियों पर निगरानी जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
प्राथमिकी दर्ज करने की तैयारी
Narpatganj Sand Mining: फुलकाहा थानाध्यक्ष विकास कुमार मौर्य ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस अवैध खनन में शामिल लोगों और मौके से फरार हुए अन्य वाहनों की पहचान करने में जुटी है.
