अररिया. आरएस थाना क्षेत्र अंतर्गत एबीसी नहर मार्ग पर शनिवार को एक केटीएम बाइक पर सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने भारत माइक्रोफाइनेंस कंपनी के 26 वर्षीय कर्मी रुस्तम को गोली मार दी. घायल रुस्तम के साथी अल्ताफ ने बताया कि वे चारों सहकर्मी पूर्णिया जिले के बायसी रौटा स्थित भारत माइक्रोफाइनेंस कंपनी में कार्यरत हैं. शनिवार को छुट्टी होने पर सभी अलग-अलग बाइक से घर लौट रहे थे. गोढ़ी चौक पर चाय पीने के बाद रुस्तम अकेले नहर वाले रास्ते से फारबिसगंज की ओर निकला. करीब 500 मीटर आगे बढ़ते ही पहले से घात लगाये बैठे तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया व उससे छिनतई की कोशिश करने लगे. छिनतई की कोशिश के दौरान उसके पैर में गोली मार दी. वारदात को अंजाम देकर तीनों बदमाश बाइक से फरार हो गये. रुस्तम की चीख सुनकर जुटे स्थानीय लोगों ने तुरंत अररिया आरएस थाना को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को सदर अस्पताल पहुंचाया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है. घायल युवक फारबिसगंज के चौराहा परवाहा, वार्ड संख्या 13 निवासी जमीरउद्दीन के पुत्र हैं. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है व सीसीटीवी फुटेज के आधार पर केटीएम बाइक सवार बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है. दिनदहाड़े व्यस्त मार्ग पर हुई इस वारदात से स्थानीय लोगों में दहशत के साथ आक्रोश है. स्थानीय लोगों ने कहा कि जब मुख्य सड़क पर ही अपराधी बेखौफ वारदात कर रहे हैं तो आम जनता कितनी सुरक्षित है.
अपराधियों ने माइक्रोफाइनेंस कर्मी को पैर में मारी गोली, रेफर
पुलिस कर रही मामले की छानबीन
