अररिया जिले के कुर्साकांटा थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. रविवार की देर रात शंकरपुर पंचायत के कपरफोरा वार्ड संख्या 06 में की गई इस छापेमारी के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.
गुप्त सूचना पर हुई त्वरित कार्रवाई
थानाध्यक्ष रोहित कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कपरफोरा निवासी एक युवक अपने घर में अवैध रूप से गांजा रखकर उसकी खरीद-बिक्री का धंधा चला रहा है. सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया गया और उनके निर्देश पर पुलिस टीम गठित कर सत्यापन के लिए चिन्हित स्थान पर छापेमारी की गई.
11 किलो गांजा बरामद, आरोपी भेजा गया जेल
पुलिस टीम ने कपरफोरा वार्ड संख्या 06 निवासी मो. जब्बार (उम्र 24 वर्ष, पिता: मो. साकिम) के ठिकाने पर छापेमारी कर 11 किलोग्राम गांजा बरामद किया. पुलिस ने कारोबारी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया और जब्त गांजे के साथ थाने ले आई. थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस के स्वलिखित बयान के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है. सोमवार को गिरफ्तार तस्कर को पुलिस अभिरक्षा में न्यायिक हिरासत में अररिया भेज दिया गया.
