Araria Ration Black Marketing: कुर्साकांटा (अररिया). कुआड़ी थाना क्षेत्र के मरातीपुर स्थित मां तारा फ्यूल सेंटर पर शुक्रवार देर रात पुलिस ने सरकारी खाद्यान्न की कथित कालाबाजारी का खुलासा किया. थाना अध्यक्ष राजू कुमार के नेतृत्व में हुई छापेमारी में टोटो वाहन सहित 18 बोरा सरकारी चावल और गेहूं बरामद किया गया. पुलिस की कार्रवाई से कालाबाजारियों में हड़कंप मच गया.
गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी
पुलिस को सूचना मिली थी कि पेट्रोल पंप परिसर में सरकारी खाद्यान्न उतारकर उसकी अवैध बिक्री की जा रही है. सूचना मिलते ही पुलिस ने छापा मारा. पुलिस टीम को देखते ही मुख्य आरोपी अरुण झा मौके से फरार हो गया, जबकि टोटो वाहन और उसके चालक को पुलिस ने मौके पर ही पकड़ लिया.
18 बोरा सरकारी खाद्यान्न बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस ने पेट्रोल पंप परिसर, कार्यालय और रसोई से पहले 11 बोरा खाद्यान्न बरामद किया. बाद में विस्तृत जांच में सात और सीलबंद बोरा मिले. कुल नौ बोरा चावल और तीन बोरा गेहूं के अलावा ट्रक से गिरे चावल को ग्रामीणों द्वारा छह बोरों में भरकर रखा गया था, जिसे भी जब्त कर लिया गया. सभी चावल एसएफसी के सरकारी बोरे में पैक मिले.
तेल भराने के बहाने होती थी कालाबाजारी
थानाध्यक्ष राजू कुमार ने बताया कि एसएफसी द्वारा पीडीएस दुकानों, आंगनबाड़ी केंद्रों और मध्याह्न भोजन योजना के लिए खाद्यान्न की डोर स्टेप डिलीवरी की जाती है. जीपीएस लगे वाहनों को तेल भराने के बहाने पेट्रोल पंप पर रोककर स्थानीय माफिया और कथित रूप से पंप संचालक की मिलीभगत से सरकारी खाद्यान्न बेच दिया जाता था. उन्होंने इस पूरे नेटवर्क में डिलीवरी एजेंसी, ठेकेदार और विभागीय कर्मियों की संलिप्तता की आशंका भी जतायी.
फरार आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
छापेमारी के बाद फरार हुए मुख्य आरोपी अरुण झा को पुलिस ने शनिवार दोपहर सुंदरी मठ बाजार से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस अब इस रैकेट में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.
प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू
Araria Ration Black Marketing: प्रभारी एमओ धर्मेश ठाकुर ने बताया कि पुलिस द्वारा बरामद खाद्यान्न के संबंध में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. मामले की सूचना अनुमंडल प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है. पूरे मामले की जांच के बाद दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जायेगी.ग्रामीणों ने थाना अध्यक्ष राजू कुमार की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि लंबे समय से सरकारी राशन की कालाबाजारी की शिकायत मिल रही थी. इस कार्रवाई से ऐसे कारोबार में शामिल लोगों के बीच हड़कंप मच गया है.
