एनएच-27 पर डिवाइडर से टकराई बम की बाइक, हादसे में एक की मौत, दो महिलाएं गंभीर

अररिया में एनएच-27 पर कांवरियों की बाइक डिवाइडर से टकरा गई, जिसमें एक युवक की मौत हो गई और दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।

अररिया : आरएस थाना क्षेत्र के अररिया-फारबिसगंज मार्ग स्थित एनएच-27 के मुरबल्ला चौक पर सोमवार सुबह बाइक दुर्घटना में एक बम की मौत हो गयी, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गयीं. हादसे के बाद कुछ देर के लिए एनएच-27 पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

मनिहारी से गंगाजल लेकर जा रहा था जत्था : जानकारी के अनुसार कुर्साकांटा प्रखंड के हरिरा-बलचंदा गांव से बाइक सवार बमों का जत्था मनिहारी से गंगाजल लेकर बाबा सुंदरनाथ धाम में जलाभिषेक के लिए जा रहा था. जत्थे की अधिकांश बाइकें आगे निकल गयी थीं, जबकि दो बाइक पीछे रह गयी थीं.

डिवाइडर से टकरायी तेज रफ्तार बाइक : प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पीछे आ रही एक तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित होकर एनएच-27 के डिवाइडर से टकरा गयी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार पति-पत्नी सड़क पर गिर पड़े. इसी दौरान साथ चल रही दूसरी बाइक पर सवार महिला ने भी संतुलन खो दिया और सड़क पर गिरकर घायल हो गयी.

अस्पताल में युवक को मृत घोषित किया : हादसे की सूचना मिलते ही एनएचएआई के आपातकालीन चिकित्सा तकनीशियन मजहर अपने कर्मियों और आसपास के ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे. तीनों घायलों को आनन-फानन में सदर अस्पताल, अररिया ले जाया गया. वहां चिकित्सक ने जांच के बाद एक युवक को मृत घोषित कर दिया.

मृतक की पहचान हरिरा-बलचंदा वार्ड संख्या पांच निवासी दिनेश महतो के 32 वर्षीय पुत्र देबू महतो के रूप में हुई है. वहीं घायलों में मृतक की पत्नी सोनी देवी और गांव के मनोज महतो की पत्नी शोभा देवी शामिल हैं. दोनों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है और उनकी स्थिति गंभीर बतायी जा रही है.

गांव में मचा कोहराम : देबू की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.

यातायात थाना की प्रभारी थानाध्यक्ष खुशबू कुमारी ने बताया कि बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने की सूचना मिली है. घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है. यातायात पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनीष कुमार सिंह

मनीष कुमार सिंह प्रिंट माध्यम में 16 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अपराध, राजनीति, कला-संस्कृति की खबरों में रुचि रखते हैं. कुनौली (सुपौल) क्षेत्र में काम कर रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >