तिरंगे से गूंजा जोगबनी, हजारों स्कूली बच्चों ने निकाली भव्य यात्रा, भारत माता के जयकारों से गूंजा शहर

जोगबनी नगर परिषद द्वारा आयोजित तिरंगा यात्रा में विधायक और हजारों स्कूली बच्चों ने भाग लिया। हर घर तिरंगा अभियान के तहत राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया गया।

Tiranga Yatra: जोगबनी (अररिया). स्वतंत्रता दिवस से पहले देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से बुधवार को जोगबनी नगर परिषद की ओर से तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया. यात्रा में नरपतगंज विधायक देबयंती यादव, नगर परिषद की मुख्य पार्षद रानी देवी, कार्यपालक पदाधिकारी मयंक कुमार सहित हजारों स्कूली बच्चे, जनप्रतिनिधि और नगर परिषद कर्मी शामिल हुए. तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा शहर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा.

नगर परिषद कार्यालय से रेलवे स्टेशन रोड तक निकली यात्रा

तिरंगा यात्रा की शुरुआत नगर परिषद कार्यालय परिसर से हुई. हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लिए स्कूली बच्चे और जनप्रतिनिधि मुख्य बाजार के रास्ते रेलवे स्टेशन रोड तक पहुंचे, जहां यात्रा का समापन हुआ. पूरे मार्ग में बच्चों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारे लगाए.

चिलचिलाती धूप के बावजूद बच्चों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी. यात्रा के दौरान देशभक्ति गीतों और नारों से माहौल पूरी तरह राष्ट्रप्रेम से सराबोर रहा.

बच्चों के लिए नगर परिषद ने की विशेष व्यवस्था

तिरंगा यात्रा में शामिल स्कूली बच्चों की सुविधा को देखते हुए नगर परिषद की ओर से पानी, बिस्कुट, शीतल पेय और चॉकलेट की व्यवस्था की गई थी. भीषण गर्मी के बीच बच्चों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए आयोजन स्थल और यात्रा मार्ग पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं.

विधायक ने राष्ट्रप्रेम और एकता का दिया संदेश

नरपतगंज विधायक देबयंती यादव ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभर में तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि इन आयोजनों का उद्देश्य नागरिकों के दिलों में राष्ट्रप्रेम जगाना, राष्ट्रीय एकता को मजबूत करना तथा स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के बलिदान को याद करना है.

उन्होंने ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर का उल्लेख करते हुए कहा कि देशभक्ति की भावना को नई पीढ़ी तक पहुंचाना ऐसे आयोजनों का महत्वपूर्ण उद्देश्य है.

मुख्य पार्षद ने हर घर तिरंगा फहराने की अपील की

नगर परिषद की मुख्य पार्षद रानी देवी ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत लोगों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज सम्मानपूर्वक फहराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा के माध्यम से देश की एकता, अखंडता और स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानों का संदेश आम लोगों तक पहुंचाया जा रहा है.

हजारों बच्चों और जनप्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा

Tiranga Yatra: कार्यक्रम में नगर परिषद ईओ मयंक कुमार, मुख्य पार्षद प्रतिनिधि रोहित यादव, फारबिसगंज विधानसभा संयोजक भाजपा राज नंदन यादव, भाजपा जिला प्रवक्ता कुंदन पोद्दार, नगर पार्षद प्रभात सिंह, सुनील यादव, नीता सिन्हा, मोहम्मद रियाज, राजन तिवारी, भाजपा मंडल अध्यक्ष कन्हैया साह, अरविंद साह, मंटू भगत, रामसेवक मिस्त्री, अमित सिंह, मुनिलाल यादव सहित हजारों स्कूली बच्चे, जनप्रतिनिधि और नगर परिषद कर्मी मौजूद रहे.

Also Read: 10 साल, शराबबंदी और हजारों करोड़ का नुकसान... बिहार में आखिर क्या बदला? पूरी तस्वीर आंकड़ों में समझिए


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुदीप भारती

सुदीप भारती प्रिंट माध्यम में 12 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सिकटी (अररिया) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >