जीविका दीदियों की सिली पोशाक पहन मुस्कुराए नौनिहाल, आंगनबाड़ी केंद्र में हुआ वितरण

फारबिसगंज के आंगनबाड़ी केंद्रों पर जीविका दीदियों द्वारा तैयार पोशाकों का वितरण किया गया. इससे बच्चों को लाभ और महिलाओं को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं.

फारबिसगंज : फारबिसगंज नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों के बीच जीविका दीदियों द्वारा तैयार पोशाकों का वितरण किया जा रहा है. इसी क्रम में वार्ड संख्या-20 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-33 में आयोजित कार्यक्रम के दौरान आधा दर्जन से अधिक नौनिहालों को नई पोशाकें दी गईं.

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि वार्ड पार्षद चांदनी सिंह ने बच्चों को पोशाक वितरित करते हुए कहा कि बिहार सरकार की जीविका योजना के तहत स्थानीय जीविका दीदियों के सिलाई घर में इन पोशाकों का निर्माण किया गया है. इससे एक ओर आंगनबाड़ी के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण पोशाक मिल रही है, वहीं दूसरी ओर जीविका से जुड़ी महिलाओं को रोजगार और आत्मनिर्भर बनने का अवसर भी प्राप्त हो रहा है.

उन्होंने कहा कि सरकार की यह पहल महिला सशक्तिकरण और बाल कल्याण, दोनों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. नई पोशाक मिलने से बच्चों के चेहरों पर दिखी खुशी इस योजना की सफलता को दर्शाती है.

आंगनबाड़ी सेविका ममता झा ने बताया कि बच्चों के सर्वांगीण विकास और नियमित उपस्थिति को बढ़ावा देने के लिए समय-समय पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. कार्यक्रम के दौरान बच्चों, अभिभावकों और स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल रहा. इस अवसर पर आंगनबाड़ी केंद्र से जुड़े अन्य कर्मी भी मौजूद थे.

और पढ़ें : यात्रियों का शेड बना ‘चारा घर’, अतिक्रमण से धूप-बारिश में भटक रहे राहगीर


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

विपुल विश्वास प्रिंट माध्यम में 20 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सिकटी (अररिया) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >