फारबिसगंज (अररिया). सुपर हमसफर बस सर्विस के प्रोपराइटर अबसार आलम से जुड़े ठिकानों पर आयकर विभाग की कार्रवाई गुरुवार को दूसरे दिन भी जारी रही. आयकर विभाग के उप निदेशक अन्वेषण ब्यूरो, भागलपुर के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ने अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर वित्तीय लेनदेन और कर संबंधी दस्तावेजों की जांच की.
रामपुर दक्षिण स्थित आवास पर भी जांच
आयकर विभाग की टीम ने रामपुर दक्षिण स्थित सुपर हमसफर बस सर्विस के प्रोपराइटर अबसार आलम के आवास पर भी सर्वे का काम जारी रखा. अधिकारियों ने यहां उपलब्ध लेखा-जोखा, वित्तीय दस्तावेज और अन्य जरूरी कागजातों की जांच की.
बस पड़ाव स्थित कार्यालय में भी पहुंची टीम
सुभाष चौक के समीप सरयू मिश्र मुख्य बस पड़ाव परिसर में स्थित सुपर हमसफर बस सर्विस के कार्यालय में भी आयकर अधिकारियों ने दस्तावेजों की जांच की. टीम ने कार्यालय से जुड़े वित्तीय रिकॉर्ड और अन्य कागजातों का अवलोकन किया.
वर्कशॉप में भी खंगाले गए रिकॉर्ड
फारबिसगंज-नरपतगंज मुख्य मार्ग एनएच-27 पर रामपुर ओवरब्रिज से पहले स्थित सुपर हमसफर बस सर्विस के वर्कशॉप परिसर में भी सर्वे जारी रहा. यहां भी अधिकारियों ने उपलब्ध रिकॉर्ड और वित्तीय दस्तावेजों की जांच की.
चार ठिकानों पर एक साथ चल रही कार्रवाई
आयकर विभाग की टीम बुधवार से ही अबसार आलम से जुड़े चार ठिकानों पर एक साथ सर्वे कर रही है. जांच के दौरान टैक्स से संबंधित लेखा-जोखा, खातों, कागजातों, कंप्यूटर डेटा और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड को खंगाला जा रहा है. हालांकि सर्वे से जुड़े अन्य ठिकानों की विस्तृत जानकारी विभाग की ओर से सार्वजनिक नहीं की गई है.
अधिकारियों ने जानकारी देने से किया परहेज
सर्वे कार्य में शामिल आयकर विभाग के अधिकारियों ने मीडिया को कार्रवाई से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी देने से परहेज किया. अधिकारियों की ओर से सर्वे के कारणों, जांच में सामने आए तथ्यों या किसी संभावित कर अनियमितता को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है.
सर्वे पूरा होने के बाद स्पष्ट होगी स्थिति
आयकर विभाग की कार्रवाई पूरी होने के बाद ही जांच के निष्कर्षों और आगे की कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल टीम दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच में जुटी हुई है.
