Tiranga Yatra: अररिया. स्वतंत्रता दिवस-2026 और राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम' के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बुधवार को अररिया में 'हर घर तिरंगा अभियान' के तहत जिला स्तरीय तिरंगा यात्रा आयोजित की गई. यात्रा का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना था. यात्रा में विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया.
जिला अतिथि गृह से शुरू हुई तिरंगा यात्रा
तिरंगा यात्रा जिला अतिथि गृह से शुरू होकर काली मंदिर चौक होते हुए नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा स्थल तक पहुंची. हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर चल रहे प्रतिभागियों ने देशभक्ति के नारे लगाए. यात्रा के दौरान पूरे मार्ग पर राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का माहौल देखने को मिला.
नेताजी की प्रतिमा पर अर्पित किए पुष्प
यात्रा के समापन स्थल पर प्रभारी जिलाधिकारी सह अपर समाहर्ता अनिल कुमार झा सहित जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों के योगदान को याद किया गया.
देशभक्ति के नारों से गूंजा शहर
तिरंगा यात्रा में जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के साथ जीविका दीदियों, युवा संगठनों और स्वयं सहायता समूहों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. पंचायत प्रतिनिधि, एनसीसी कैडेट्स, भारत स्काउट-गाइड, खेल क्लबों के सदस्य, जिला स्तरीय पदाधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन भी हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए.
हर घर तिरंगा फहराने की अपील
आयोजकों ने लोगों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व, राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और 'हर घर तिरंगा अभियान' के उद्देश्यों के प्रति जागरूक किया. आमजनों से 15 अगस्त को अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने की अपील की गयी.
अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
Tiranga Yatra: कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, एसडीओ, एसडीपीओ, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे.
ये भी पढ़ें: 16 अगस्त तक करा लें एलपीजी ई-केवाईसी, नहीं तो महंगा पड़ सकता है घरेलू गैस सिलिंडर
