नरपतगंज के वरीय शिक्षक सत्यनारायण पासवान का निधन, शिक्षा जगत में शोक की लहर

नरपतगंज प्रखंड क्षेत्र के एक समर्पित शिक्षक सत्यनारायण पासवान का शनिवार रात निधन हो गया. कर्तव्यपरायणता और मिलनसार स्वभाव के लिए जाने जाने वाले पासवान के जाने से शिक्षा जगत और स्थानीय समाज में गहरा दुख है. उनके परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.

नरपतगंज प्रखंड क्षेत्र के खाबदह पंचायत वार्ड संख्या-11 निवासी एवं उच्च माध्यमिक विद्यालय खाबदह डुमरिया के पूर्व प्रभारी प्रधानाध्यापक सत्यनारायण पासवान का शनिवार देर रात आकस्मिक निधन हो गया. उनके निधन से शिक्षा जगत और स्थानीय समाज ने एक समर्पित शिक्षक को खो दिया है.

कर्तव्यनिष्ठ और अनुशासित शिक्षक के रूप में थी पहचान

विद्यालय के शिक्षक राजदेव बहरदार ने बताया कि सत्यनारायण पासवान अपने पूरे सेवाकाल में कर्तव्यपरायणता और समयपालन के लिए जाने जाते थे. उन्होंने कहा कि उनके विद्यालय पहुंचने के समय से लोग अपनी घड़ियों का समय मिलाया करते थे. उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन में विद्यालय के विकास तथा सौंदर्यीकरण की दिशा में उल्लेखनीय कार्य हुये.

मिलनसार स्वभाव से सभी के बीच थे लोकप्रिय

स्थानीय लोगों के अनुसार सत्यनारायण पासवान का स्वभाव बेहद सरल और मिलनसार था. विद्यार्थियों, शिक्षकों और ग्रामीणों के साथ उनका व्यवहार हमेशा आत्मीय रहा. शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रहती थी.

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

निधन की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. रविवार को विद्यालय के शिक्षक, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उनके आवास पहुंचे तथा शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी.

विद्यालय परिवार ने जताया शोक

विद्यालय परिवार ने सत्यनारायण पासवान के निधन को शिक्षा जगत की अपूरणीय क्षति बताया. शिक्षकों ने कहा कि उनका योगदान सदैव याद रखा जाएगा. विद्यालय परिवार ने इस दुख की घड़ी में उनके परिजनों के साथ खड़े रहने का संकल्प भी व्यक्त किया.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजीव कुमार यादव

संजीव कुमार यादव प्रिंट माध्यम में 16 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. नरपतगंज (अररिया) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >