अररिया : जोकीहाट पुलिस ने वाहन जांच अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए टोल प्लाजा के समीप एक ट्रक से 1911 लीटर विदेशी शराब बरामद की है. इस दौरान पश्चिम बंगाल के दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि शराब से लदा ट्रक भी जब्त कर लिया गया. बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई जा रही है.
सदर एसडीपीओ सुशील कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार के निर्देश पर जिले में शराब और मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार विशेष वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में 9 जुलाई को जोकीहाट थानाध्यक्ष राजीव कुमार झा के नेतृत्व में एनएच-327 पर सघन जांच अभियान चलाया गया.
भागने की कोशिश में दबोचे गए तस्कर
टोल प्लाजा से पहले बैरियर डायवर्सन के पास एक ट्रक को रोकने का इशारा किया गया. पुलिस को देखते ही वाहन में सवार दो व्यक्ति ट्रक छोड़कर भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया.
तलाशी के दौरान ट्रक से 1911 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई, जिसे जब्त कर लिया गया.
पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
गिरफ्तार तस्करों की पहचान विश्वजीत मंडल (35), पिता स्व. गोविंद मंडल, निवासी नौपारा वार्ड-18, थाना बारानगर, जिला उत्तर 24 परगना तथा नानटू मंडल (40), पिता नारायण मंडल, निवासी 5/2 पेराना चौधरी लेन, थाना काशीपुर, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है.
इस मामले में जोकीहाट थाना कांड संख्या 291/26 के तहत बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम, 2016 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है.
सप्लाई चेन की जांच में जुटी पुलिस
एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस अब बरामद शराब के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है, ताकि इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान कर कार्रवाई की जा सके.
छापेमारी दल में थानाध्यक्ष राजीव कुमार झा, प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षक आशुतोष कुमार, गृहरक्षक सिपाही विनोद कुमार तथा अरविंद कुमार यादव शामिल थे.
और पढ़ें : पलासी में दम तोड़ गई हर घर नल-जल योजना, अधिकांश वार्डों में महीनों से बंद है पानी की सप्लाई
