बारिश ने खोली शहर की पोल, फारबिसगंज की सड़कें बनीं झील, जलजमाव से लोगों का निकलना हुआ मुश्किल

Forbesganj News : फारबिसगंज शहर में लगातार हो रही बारिश ने जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी है. शहर के प्रमुख मार्ग और रिहायशी इलाके पानी में डूब गए हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. नगर परिषद ने जल निकासी अभियान तेज कर दिया है.

Forbesganj News : अररिया जिले के फारबिसगंज शहर में हुई बारिश ने एक बार फिर जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी है. शहर के कई प्रमुख मार्गों और रिहायशी इलाकों में जलजमाव की गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई, जिससे लोगों का घर से निकलना तक मुश्किल हो गया. नगर परिषद की टीम दिनभर नालों की सफाई और पानी निकासी में जुटी रही, लेकिन कई इलाकों में स्थिति अब भी चिंताजनक बनी हुई है.

सड़कें बनीं झील, आवागमन हुआ प्रभावित

लगातार बारिश के कारण फारबिसगंज शहर के कई प्रमुख मार्ग जलमग्न हो गए. सदर रोड, पोस्ट ऑफिस चौक से स्टेशन चौक तक का मुख्य मार्ग दिनभर झील जैसा नजर आया. इसके अलावा व्यवसाई मंडी, मानिकचंद रोड, छुआपट्टी रोड, डीडी रोड, रेफरल रोड, अनुमंडल कार्यालय जाने वाली सड़क और ली अकादमी हाई स्कूल रोड सहित कई वार्डों की गलियों में पानी भर जाने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा. पैदल चलने वालों के साथ-साथ दोपहिया वाहन चालकों की मुश्किलें भी बढ़ गईं.

प्रोफेसर कॉलोनी बनी सबसे बड़ा संकट

बारिश के बाद सबसे गंभीर स्थिति वार्ड संख्या 24 और 25 स्थित प्रोफेसर कॉलोनी और बंगाली टोला की रही. यहां जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण कई घरों के आसपास पानी जमा हो गया. स्थानीय लोगों ने बताया कि हर वर्ष बरसात में यही स्थिति बनती है. उनका आरोप है कि नालियों का अभाव और नियमित सफाई नहीं होने से समस्या लगातार बनी हुई है.

नगर परिषद ने तेज किया जल निकासी अभियान

जलजमाव की स्थिति से निपटने के लिए नगर परिषद के प्रभारी प्रधान सहायक कामाख्या नारायण सिंह के नेतृत्व में कर्मियों और सफाईकर्मियों की टीम लगातार जल निकासी में जुटी रही. शहर के विभिन्न नालों की सफाई कर पानी के बहाव को सुचारु किया गया. रेलवे स्टेशन से सटे सब्जी पट्टी इलाके में पानी निकासी में बाधा बन रही रेलवे की अंदरूनी दीवार को भी हटाया गया, जिससे पानी का बहाव तेज हो सका.

नगर परिषद का दावा, लगातार जारी है राहत कार्य

प्रभारी प्रधान सहायक कामाख्या नारायण सिंह उर्फ कुंदन सिंह ने बताया कि नगर परिषद की पूरी टीम लगातार शहर के विभिन्न इलाकों में जल निकासी का कार्य कर रही है. नालों की सफाई के साथ पानी के बहाव में बाधा बनने वाले स्थानों को भी चिन्हित कर हटाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि रेलवे क्षेत्र की दीवार हटने के बाद पानी तेजी से निकलना शुरू हो गया है और शहर को जलजमाव से राहत दिलाने के लिए लगातार अभियान जारी रहेगा.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

विपुल विश्वास प्रिंट माध्यम में 20 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सिकटी (अररिया) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >