डायलिसिस के बाद मरीज की मौत ; परिजनों ने अस्पताल में किया हंगामा, लगाया लापरवाही का आरोप

अररिया के लायंस डायलिसिस सेंटर में एक मरीज की डायलिसिस के बाद मौत हो गई. परिजनों ने नर्सिंग स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया है.

अररिया : फारबिसगंज शहर स्थित लायंस डायलिसिस सेंटर में सोमवार को डायलिसिस के बाद एक मरीज की मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों ने नर्सिंग स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सेंटर परिसर में हंगामा किया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से आवेदन लेकर प्राथमिकी दर्ज की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

मृतक की पहचान सुपौल जिले के छातापुर थाना क्षेत्र के महद्दीपुर, माधोपुर निवासी 55 वर्षीय राज नारायण चौधरी के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार वह पिछले एक वर्ष से इसी डायलिसिस सेंटर में नियमित इलाज करा रहे थे.

डायलिसिस के बाद बिगड़ी तबीयत

सोमवार को भी राज नारायण चौधरी डायलिसिस कराने सेंटर पहुंचे थे. परिजनों का कहना है कि प्रक्रिया पूरी होने के कुछ देर बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई. उन्हें तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल फारबिसगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया.

इसके बाद परिजन शव लेकर दोबारा डायलिसिस सेंटर पहुंचे और नर्सिंग स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग करने लगे. इससे कुछ देर के लिए सेंटर परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

लायंस क्लब ने आरोपों से किया इनकार

घटना की जानकारी मिलते ही लायंस क्लब के चेयरपर्सन एवं चिकित्सक डॉ. अजय कुमार सिंह सहित क्लब के कई पदाधिकारी और स्थानीय गणमान्य लोग मौके पर पहुंचे. उन्होंने परिजनों को समझाने का प्रयास किया.

लायंस क्लब के पदाधिकारियों ने बताया कि राज नारायण चौधरी का इस सेंटर में अब तक 225 बार सफलतापूर्वक डायलिसिस हो चुका था और सोमवार को उनका 226वां डायलिसिस हुआ था. उनके अनुसार डायलिसिस प्रक्रिया में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं हुई. डॉ. अजय कुमार सिंह ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट होंगे.

पुलिस ने शुरू की जांच

हंगामे की सूचना पर फारबिसगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि मृतक के पुत्र संदीप कुमार चौधरी के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल अररिया भेजा गया है. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी.

यह भी पढ़ें :धान रोपनी के लिए जा रहे मजदूरों से भरा ट्रैक्टर पलटा : तीन महिलाओं की मौत, आधा दर्जन घायल


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

कलीमउद्दीन प्रिंट माध्यम में 24 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >