अररिया : योगिनी एकादशी के पावन अवसर पर फारबिसगंज अनुमंडल मुख्यालय परिसर के समीप स्थित नवनिर्मित माहेश्वरी नर्सिंग होम परिसर में सोमवार देर शाम भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में बाबा श्याम और बजरंगबली का आकर्षक दरबार सजाया गया, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भक्ति रस का आनंद लिया.
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
भजन संध्या का शुभारंभ पंडित अभिषेक दुबे के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आयोजक रिंकू यादव और कालू शर्मा ने अखंड ज्योत प्रज्ज्वलित कर किया. इसके बाद सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ हुआ, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में डूब गया.
भजनों पर झूम उठे श्रद्धालु
उत्तर बंगाल से आए प्रसिद्ध भजन गायक साजन शर्मा और गायिका भारती गुप्ता ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी. साजन शर्मा एंड ग्रुप ने "संकट हरने वाले को हनुमान कहते हैं" और "खाटू वाले पकड़ो मेरा हाथ" जैसे भजनों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया. भजनों पर उपस्थित श्रद्धालु झूम उठे और तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया.
देर रात तक गूंजते रहे भक्ति गीत
गायिका भारती गुप्ता ने "जिसके जपने से मिल जाए नंदलाला, मुझे ला दो भजन वाली माला" की प्रस्तुति देकर माहौल को और अधिक भक्तिमय बना दिया. श्रद्धालुओं ने भजनों पर जमकर नृत्य किया और देर रात तक भक्ति गीतों का आनंद लेते रहे.
बड़ी संख्या में मौजूद रहे श्रद्धालु
कार्यक्रम में नरपतगंज के पूर्व विधायक अनिल यादव, डॉ. नेहा राज, घनेश्वरी देवी, पवन शर्मा, जय कुमार अग्रवाल, अमित भूपाल, महेश माहेश्वरी, पवन लड्ढा, पप्पू लड्ढा, प्रमोद सिखवाल, गणेश शर्मा, सौरव गौतम सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे.
