फारबिसगंज (अररिया). सुपर हमसफर बस सर्विस के प्रोपराइटर अबसार आलम के रामपुर स्थित आवास समेत चार ठिकानों पर बुधवार को आयकर विभाग की कार्रवाई के दौरान अधिकारियों के साथ कथित दुर्व्यवहार और मारपीट के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है. आयकर निरीक्षक अवध किशोर साह के लिखित आवेदन पर फारबिसगंज थाना में कांड संख्या 513/26 दर्ज किया गया है.
11 नामजद और 15 अज्ञात पर दर्ज हुई प्राथमिकी
पुलिस सूत्रों के अनुसार दर्ज प्राथमिकी में 11 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है, जबकि करीब 15 अज्ञात लोगों को भी आरोपित किया गया है. प्राथमिकी में चार महिलाओं को भी नामजद किए जाने की बात सामने आई है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
आयकर टीम से अभद्र व्यवहार और मारपीट का आरोप
प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि आयकर विभाग की टीम जब अबसार आलम के रामपुर स्थित आवास पर जांच के लिए पहुंची तो कुछ लोगों ने अधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया. आवेदन में छीना-झपटी, मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा डालने और जांच में सहयोग नहीं करने का आरोप लगाया गया है.प्राथमिकी में विभाग की महिला अधिकारियों के साथ भी कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किए जाने का उल्लेख किया गया है.
चार ठिकानों पर चल रही थी आयकर विभाग की कार्रवाई
आयकर विभाग की टीम ने सुपर हमसफर बस सर्विस के सुभाष चौक स्थित कार्यालय, रामपुर ओवरब्रिज के समीप स्थित कार्यालय, रामपुर स्थित आवास सहित कुल चार ठिकानों पर कार्रवाई की थी. टीम द्वारा टैक्स से संबंधित लेखा-जोखा, वित्तीय दस्तावेज, खाते, कागजात, कंप्यूटर डेटा और अन्य रिकॉर्ड की जांच की जा रही थी.
तीन आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने हिरासत में लिए गए अबसार आलम, उनके भाई असलम और सुपौल निवासी अतीम आलम को गुरुवार को न्यायिक हिरासत में अररिया भेज दिया. पुलिस अब प्राथमिकी में नामजद एवं अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है.
थानाध्यक्ष ने की प्राथमिकी दर्ज होने की पुष्टि
फारबिसगंज थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने प्राथमिकी दर्ज किए जाने की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि आयकर विभाग के अधिकारी के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
