41- प्रतिनिधि, अररिया गुरुवार की सुबह जिला पदाधिकारी अनिल कुमार ने जिला मंडल कारा की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रूटीन जांच की. इस रूटीन जांच में एसपी अंजनी कुमार सहित मुख्यालय के अन्य पदाधिकारी मौजूद थे. जिसमें कारा की सुरक्षा व्यवस्था, सुविधा व साफ-सफाई का जायजा लिया. औचक निरीक्षण के दौरान उन्होंने कैदियों के लिए मूलभूत सुविधा जैसे शुद्ध पेयजल, शौचालय, स्नानागार, रसोई घर, कैदी वार्ड, बीमार कैदियों के स्वास्थ्य उपचार की सुविधा आदि का जायजा लिया. डीएम व एसपी ने मुलाकातियों की व्यवस्था, बंदियों की क्षमता व संख्या, मेडिकल वार्ड में उपचार की व्यवस्था, भोजन आदि की व्यवस्था सहित साफ-सफाई को भी देखा व जरूरी निर्देश दिये. वहीं मंडलकारा के करीब 200 बंदियों के बीच डीएम ने बंदी दरबार लगाकर उसकी जरूरतों को जाना. मेडिकल सुविधा से लेकर उनके जरूरी सुविधा को ध्यान में रखते हुए सारी जानकारी ली. इस दौरान जेल अधीक्षक सुजीत कुमार झा से भी संवाद किया व उन्हें बंदियों के बीच रचनात्मक गतिविधियां कराये जाने का निर्देश दिया. जिससे उनके जीवन में बदलाव आ सके. इधर मंडल कारा के सुरक्षा व्यस्था को लेकर चहारदीवारी पर कंटीले तार को लगाने सहित सुरक्षा दृष्टिकोण से कई निर्देश डीएम व एसपी ने कारा अधीक्षक को दी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
