अररिया : जिला कल्याण कार्यालय के कार्यों को लेकर जिला पदाधिकारी विनोद दूहन की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं, छात्रावासों, आवासीय विद्यालयों और अन्य कल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई.
समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने जिले के विभिन्न छात्रावासों के संचालन और वहां उपलब्ध सुविधाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली. उन्होंने छात्रावासों में विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ साफ-सफाई और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ रखने का निर्देश दिया. छात्रावासों की संचालन व्यवस्था को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया.
अत्याचार निवारण अधिनियम के कार्यों की भी हुई समीक्षा
बैठक में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत किए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई. इसके अलावा महादलित टोलों में सामुदायिक भवन निर्माण सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई.
जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने तथा पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. उन्होंने कल्याणकारी योजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया.
बैठक में जिला कल्याण पदाधिकारी सहित संबंधित पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे.
