-11- प्रतिनिधि, अररिया आगामी 08 मार्च को होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता के मद्देनजर गुरुवार को न्याय मंडल अररिया के प्रिंसिपल जिला, सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष गुंजन पांडे ने न्याय रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. ये न्याय रथ अररिया जिले के विभिन्न दूर-दराज के क्षेत्रों में जाकर आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत 08 मार्च 2025 के संबंध में लोगों को जागरूक करेगी व उन्हें अपने सुलहनीय प्रकृति के मामलों को राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से निष्पादित करने के लिए प्रेरित करने का कार्य करेंगे. न्याय रथ में जिला विधिक सेवा प्राधिकार अररिया के अतिरिक्त विभिन्न बैंकों के भी वाहन पोस्टर-बैनर के साथ शामिल हुये. मौके पर प्रिंसिपल जिला सह सत्र न्यायाधीश गुंजन पांडे ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत आपसी विवादों के हमेशा के समाप्त करने का बहुत ही सरल माध्यम है. इस अवसर पर व्यवहार न्यायालय के न्यायिक पदाधिकारीगण भी उपस्थित रहे. अवर न्यायाधीश सह डीएलएसए सेक्रेटरी रोहित श्रीवास्तव ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों को निष्पादित कर इसे सफल बनाने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है. इसके लिए सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है. न्याय वाहनों को भेजने का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ लेने के लिए प्रेरित करना है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
