फारबिसगंज. प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फारबिसगंज परिसर में शनिवार को दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाने के लिए एक दिवसीय विशेष जांच शिविर आयोजित किया गया. शहर के रेफरल अस्पताल मोड़ के समीप स्थित पुरानी पीएचसी में आयोजित इस शिविर में ऑनलाइन आवेदन करने वाले दिव्यांगजनों की स्वास्थ्य व शारीरिक जांच की गई. जांच के बाद कुल 20 दिव्यांगजनों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र प्रदान किया गया. आयोजित शिविर में पीएचसी प्रभारी डॉ राजीव बसाक, डॉ मुन्ना कुमार सहित अन्य चिकित्सकों ने दिव्यांगजनों की जांच की. चिकित्सकों की टीम ने दिव्यांगता के प्रतिशत का आकलन कर आवश्यक प्रमाणन प्रक्रिया पूरी की. शिविर में पहुंचे दिव्यांगजनों की स्वास्थ्य जांच और शारीरिक परीक्षण के बाद उन्हें मौके पर ही दिव्यांगता प्रमाण पत्र प्रदान किया गया. शिविर में कुल 20 लोगों की जांच कर प्रमाण पत्र जारी किये गये. प्रमाण पत्र मिलने के बाद लाभार्थियों ने खुशी जतायी व प्रशासन के इस प्रयास की सराहना की.
पीएचसी में दिव्यांगता जांच शिविर का आयोजन
20 लोगों को मिला प्रमाण पत्र
