ARARIA तेज आंधी, तूफान व मूसलाधार बारिश से भरगामा में तबाही, पेड़ गिरे-छप्पर उड़े, जनजीवन अस्त-व्यस्त

भरगामा प्रखंड क्षेत्र में बुधवार की संध्या करीब 6:30 बजे अचानक मौसम ने करवट ली व तेज आंधी, भीषण तूफान व मूसलाधार बारिश ने ग्रामीण इलाकों में भारी तबाही मचा दी.

भरगामा (अररिया) से राष्ट्र भूषण पिंटू की रिपोर्ट ARARIA NEWS :

भरगामा प्रखंड क्षेत्र में बुधवार की संध्या करीब 6:30 बजे अचानक मौसम ने करवट ली व तेज आंधी, भीषण तूफान व मूसलाधार बारिश ने ग्रामीण इलाकों में भारी तबाही मचा दी.कुछ ही मिनटों में आसमान में काले बादल छा गए, तेज गर्जना के साथ चली बवंडरनुमा हवा ने लोगों को घरों में दुबकने पर मजबूर कर दिया.आंधी की रफ्तार इतनी तेज थी कि कई स्थानों पर बड़े-बड़े पेड़ जड़ से उखड़कर सड़कों पर गिर पड़े, जिससे आवागमन घंटों बाधित रहा.

दर्जनों गांवों में कच्चे मकानों के छप्पर उड़े

प्रखंड के विभिन्न पंचायतों से मिली जानकारी के अनुसार, दर्जनों गांवों में कच्चे मकानों के छप्पर उड़ गए. व फूस व टीन से बने घरों को काफी नुकसान पहुंचा है. कई गरीब परिवारों के आशियाने उजड़ गए.तेज हवा के कारण घरों में रखे सामान भी भींग गए जिससे लोगों को आर्थिक क्षति उठानी पड़ी. कई जगहों पर बिजली के तारों पर पेड़ गिर जाने से विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई व देर रात तक कई गांव अंधेरे में डूबे रहे.

मक्का व अन्य दलहनी फसलों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका

आंधी-बारिश के दौरान खेतों में लगी मूंग, मक्का व अन्य दलहनी फसलों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है. किसानों ने बताया कि तेज हवा व बारिश से फसलें जमीन पर बिछ गई हैं.जिससे उत्पादन प्रभावित हो सकता है. वहीं सड़कों पर पेड़ गिरने से राहगीरों व वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. स्थानीय ग्रामीणों ने मिलकर कई जगहों पर पेड़ हटाने का प्रयास किया ताकि आवागमन बहाल हो सके. ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षति का आकलन कर प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत उपलब्ध कराने की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AMIT KUMAR SINH

AMIT KUMAR SINH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >