Census 2027 Update: अररिया से पंकज कुमार की रिपोर्ट. अररिया जिला प्रशासन ने जनगणना–2027 के प्रथम चरण को प्रभावी बनाने के लिए जिला नियंत्रण कक्ष को पूरी तरह सक्रिय कर दिया है. मकान सूचीकरण और मकानों की गणना कार्य के दौरान आने वाली शिकायतों, सुझावों और सूचनाओं के त्वरित निष्पादन के उद्देश्य से समाहरणालय परिसर स्थित कंट्रोल रूम को मजबूत किया गया है. जिला पदाधिकारी सह प्रधान जनगणना अधिकारी विनोद दूहन के निर्देश पर इसे जनसुविधा केंद्र के रूप में विकसित किया गया है.
अब सीधे प्रशासन तक पहुंचेगी आपकी शिकायत
जनगणना कार्य को लेकर आम नागरिक अब अपनी आपत्तियां और सुझाव सीधे जिला प्रशासन तक पहुंचा सकेंगे. इसके लिए प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर 06453-222309 जारी किया है. इस नंबर पर संपर्क कर लोग मकान सूचीकरण, गणना प्रक्रिया या उससे जुड़ी किसी भी समस्या की जानकारी दे सकते हैं. प्रशासन का कहना है कि इससे आम लोगों की भागीदारी बढ़ेगी और प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बनेगी.
कंट्रोल रूम में तैनात कर्मियों को मिले विशेष निर्देश
जिला नियंत्रण कक्ष में प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि सभी शिकायतों और सूचनाओं का विधिवत संधारण किया जाए. प्राप्त शिकायतों को पंजीबद्ध कर संबंधित चार्ज पदाधिकारी, प्रखंड कार्यालय, नगर निकाय और जिला जनगणना कोषांग के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा. प्रशासन ने समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया है.
जनगणना में पारदर्शिता बढ़ाने पर जोर
जिला प्रशासन का मानना है कि जनगणना से जुड़े सटीक आंकड़े ही भविष्य की विकास योजनाओं की नींव तय करते हैं. इसलिए हर परिवार और नागरिक की भागीदारी जरूरी है. प्रशासन ने कहा है कि अगर किसी क्षेत्र में गणना कार्य में गड़बड़ी, अनियमितता या त्रुटि दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत जिला नियंत्रण कक्ष को दें.
जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों से सहयोग की अपील
प्रशासन ने जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आम लोगों से अपील की है कि वे जनगणना–2027 के सफल संचालन में सक्रिय भूमिका निभाएं. अधिकारियों का कहना है कि जनसहभागिता से ही पारदर्शी और विश्वसनीय जनगणना संभव हो सकेगी.
Also Read: बिहार में आधी रात चली तबादला एक्सप्रेस, 54 DSP समेत 34 राजस्व अधिकारियों का ट्रांसफर, देखें लिस्ट
