भरगामा. भरगामा थाना क्षेत्र के अकरथापा वार्ड संख्या-08 में घर परिसर में सीसीटीवी कैमरा लगाने को लेकर हुए विवाद ने रविवार को हिंसक रूप ले लिया. आरोप है कि कैमरा हटाने को लेकर हुई कहासुनी के दौरान एक पक्ष ने देसी कट्टे से फायरिंग कर दी, जिसमें एक युवक के पैर में गोली लग गई. घायल का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भरगामा में चल रहा है.
आठ नामजद व पांच अज्ञात पर लगाया आरोप
घायल मो. साकिब ने भरगामा थाना में आठ नामजद और पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है. आवेदन के अनुसार, उसने घर की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरा लगाया था, जिसका गांव के मो. सद्दाम विरोध कर रहे थे. आरोप है कि वह अक्सर कैमरा हटाने की धमकी देता था.
कैमरा हटाने को लेकर हुआ विवाद
पीड़ित के अनुसार, रविवार करीब 12 बजे मो. सद्दाम उसके घर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए कैमरा हटाने का दबाव बनाने लगा. विरोध करने पर उसने अपने परिजनों को बुला लिया. इसके बाद मो. इश्तियाकरूल, मो. मजेबुल, मो. दिलशाद, मो. अशफाक, मो. नजीर, मो. सादिक, अली शेर सहित पांच अज्ञात लोग लाठी, डंडा और फरसा लेकर पहुंचे और मारपीट शुरू कर दी.
फायरिंग में पैर में लगी गोली
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि मारपीट के दौरान मो. सद्दाम ने कमर से देसी कट्टा निकालकर फायरिंग कर दी. गोली मो. साकिब के पैर में लगी. वहीं मारपीट के दौरान उसके गले से करीब आठ भरी वजन की चांदी की चेन छीन लेने का भी आरोप लगाया गया है. साथ ही मो. मजेबुल पर लाठी से हमला करने तथा बचाव के लिए पहुंचे मो. इफ्तिखार और मो. ग्यास को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है. ग्रामीणों के जुटने पर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के बाद परिजनों ने घायल को सीएचसी भरगामा में भर्ती कराया. भरगामा थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त हो गया है. मामले की जांच शुरू कर दी गई है. साक्ष्यों और गवाहों के बयान के आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
ALSO READ : अररिया पुलिस की बड़ी कामयाबी, मोबाइल लूटकांड का मास्टरमाइंड गिरफ्तार
