जया श्री को इंसाफ दिलाने के लिए रानीगंज में निकला कैंडल मार्च

राजस्थान के कोटा में छात्रा जया श्री की संदिग्ध मौत के मामले में रानीगंज में कैंडल मार्च निकालकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।

प्रतिनिधि, परवाहा (अररिया). राजस्थान के कोटा में संदिग्ध परिस्थिति में हुई रानीगंज की छात्रा जया श्री की मौत के मामले ने अब जनआंदोलन का रूप लेना शुरू कर दिया है. बुधवार कि देर संध्या जया श्री को न्याय दिलाने की मांग को लेकर रानीगंज में लोग सड़क पर उतरकर कैंडल मार्च निकाला. कैंडल मार्च पुरानी हाट स्थित दुर्गा मंदिर परिसर से शुरू होकर काली मंदिर चौक तक पहुंचा. जहां लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत छात्रा को श्रद्धांजलि अर्पित की व दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की.कैंडल मार्च में बड़ी संख्या में पुरुष, महिलाएं, बुजुर्ग, छात्र-छात्राएं शामिल थे. सभी के हाथों में मोमबत्तियां थीं . पूरे रास्ते "जस्टिस फॉर जया ", "जया को न्याय दो ", "दोषियों को गिरफ्तार करो " जैसे नारे लगा रहे थे.लोगों ने कहा कि जब तक जया श्री के मामले की निष्पक्ष जांच नहीं होगी व दोषियों को सजा नहीं मिलेगी, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा. पिता ने कहा मेरी बेटी की हत्या हुई है. कैंडल मार्च के दौरान जया श्री के पिता योगेश पंजियार भावुक हो गए.उन्होंने कहा कि उनकी बेटी की मौत को आत्महत्या बताने की कोशिश की जा रही है, जबकि उन्हें पूरा विश्वास है कि उनकी बेटी की हत्या की गई है. उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में रानीगंज सहित पूरे क्षेत्र के लोगों का उन्हें भरपूर सहयोग व समर्थन मिल रहा है.जिससे उन्हें न्याय की उम्मीद जगी है. योगेश पंजियार ने आरोप लगाया कि कोटा प्रशासन व पुलिस की ओर से अब तक उन्हें किसी प्रकार की संतोषजनक जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई. उन्होंने कहा कि अस्पताल की ओर से उन्हें ईलाज से संबंधित कोई बिल तक उपलब्ध नहीं कराया गया. साथ हीं कोटा पुलिस ने भी मामले में पारदर्शिता नहीं दिखाई.उन्होंने दावा किया कि उनकी बेटी की हत्या में एक छात्र व एक छात्रा की अहम भूमिका रही है. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष व उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए लोकसभा अध्यक्ष व कोटा के सांसद ओम बिरला से हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की अपील की.कैंडल मार्च में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं भी शामिल हुए.युवाओं ने हाथों में मोमबत्तियां व न्याय की मांग से जुड़े पोस्टर लेकर शांतिपूर्ण मार्च किया. पूरे रास्ते छात्र-छात्राएं लगातार "जस्टिस फॉर जया " के नारे लगाते रहे.लोगों का कहना था कि यह केवल एक परिवार की लड़ाई नहीं, बल्कि हर बेटी की सुरक्षा व न्याय का सवाल है.कैंडल मार्च में मुकेश कुमार गुड्डू, रजत रंजन,उपमुख्य पार्षद प्रतिनिधि रंधीर पासवान, जेडी यादव, रणवीर मिश्रा, अनुज प्रधान, सूरज महतो, परमानंद मल्लिक, मयंक पासवान, अमानत अली, पूनम पासवान, मो. जुबेर, संस्कृति प्रिया, जया श्री की माता ज्योति देवी, सोनी ठाकुर, सिम्मी, सोनम, नीलम सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल थे .

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Ranbindra yadav

Published by: Janardan Pandey

रविंद्र यादव प्रिंट माध्यम में 08 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. रानीगंज (अररिया) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >