अररिया : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा घोषित नयी राष्ट्रीय टीम पर भाजपा अररिया के जिला प्रवक्ता अविनाश कुमार सिंह ने खुशी जतायी है. उन्होंने नवनियुक्त सभी पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं.
अविनाश कुमार सिंह ने कहा कि नयी टीम में देश के विभिन्न राज्यों और क्षेत्रों को प्रतिनिधित्व दिया गया है. अनुभवी नेताओं के साथ युवा और ऊर्जावान चेहरों को जिम्मेदारी देकर संगठन को और मजबूत बनाने का प्रयास किया गया है.
नयी टीम में वसुंधरा राजे सिंधिया, तीरथ सिंह रावत, राम माधव, बैजयंत पांडा और डी. पुरंदेश्वरी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है. बीएल संतोष को राष्ट्रीय महामंत्री संगठन, जबकि विनोद तावड़े, सुनील बंसल, बिप्लब देब और स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी दी गयी है. पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है.
मोर्चों में डॉ. हेमांग जोशी को युवा मोर्चा, रूप कुमारी चौधरी को महिला मोर्चा, अमरपाल मौर्य को ओबीसी मोर्चा और शिवेश कुमार राम को अनुसूचित जाति मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया है. अनिल बलूनी को मीडिया संयोजक और दीपक म्हास्के को सोशल मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी दी गयी है.
बिहार से सिद्धार्थ शंभु को राष्ट्रीय सचिव और ऋतुराज सिन्हा को संयुक्त समन्वयक बनाया गया है.
अविनाश सिंह ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में नयी टीम भाजपा के विचार और जनसेवा के संकल्प को देश के प्रत्येक बूथ तक मजबूती से पहुंचाने का काम करेगी.
