फारबिसगंज में बैंक मैनेजर लूटकांड का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार, लूटा गया मोबाइल बरामद

फारबिसगंज पुलिस ने बिहार ग्रामीण बैंक महथावा शाखा के मैनेजर से हुई लूट की घटना का खुलासा कर दिया है. एक आरोपी को गिरफ्तार कर लूटा गया मोबाइल बरामद कर लिया गया है. पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है.

फारबिसगंज (अररिया) बिहार ग्रामीण बैंक महथावा शाखा के प्रबंधक से 19 जून की देर शाम हुई लूट की घटना का फारबिसगंज पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूटा गया एक मोबाइल बरामद किया है. मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

तकनीकी जांच से पुलिस को मिली सफलता

आदर्श थाना फारबिसगंज परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ राजकिशोर कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान नरपतगंज थाना क्षेत्र के मिरदौल निवासी रूपेश कुमार, पिता महादेव स्वर्णकार के रूप में हुई है. पूछताछ के दौरान उसने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है.

हथियार के बल पर की गई थी लूट

एसडीपीओ ने बताया कि कटिहार निवासी बिहार ग्रामीण बैंक महथावा शाखा के प्रबंधक अनुराग तिर्की 19 जून की देर शाम ड्यूटी समाप्त कर स्कूटी से फारबिसगंज लौट रहे थे. इसी दौरान फारबिसगंज-रानीगंज मुख्य मार्ग (एसएच-77) पर हरिपुर चौक से आगे दो बाइक पर सवार चार अपराधियों ने हथियार के बल पर उन्हें रोक लिया. अपराधियों ने उनसे तीन हजार रुपये नकद और दो मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए.

20 जून को दर्ज हुई थी प्राथमिकी

घटना के बाद शाखा प्रबंधक के फर्द बयान के आधार पर 20 जून 2026 को फारबिसगंज थाना कांड संख्या 379/26 दर्ज किया गया था. इसके बाद पुलिस ने तकनीकी और वैज्ञानिक तरीके से मामले की जांच शुरू की. इसी दौरान लूटा गया एक मोबाइल बरामद हुआ, जिसके आधार पर आरोपी रूपेश कुमार तक पुलिस पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया.

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

एसडीपीओ राजकिशोर कुमार ने बताया कि इस लूटकांड में शामिल अन्य अपराधियों की पहचान भी कर ली गई है. उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

छापेमारी टीम में शामिल रहे ये अधिकारी

कार्रवाई में डीआईयू टीम के अलावा फारबिसगंज थानाध्यक्ष मनोज कुमार, नरपतगंज थानाध्यक्ष संजय कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक कलीम आलम, पुलिस अवर निरीक्षक प्रभा कुमारी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

कलीमउद्दीन प्रिंट माध्यम में 24 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >