Bihar Crime News: अररिया जिले में फारबिसगंज कृषि बाजार समिति के मेन गेट के पास दिनदहाड़े एक व्यक्ति का सिर धड़ से अलग कर दिया गया. देखते ही देखते घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया. मृतक की पहचान जोगबनी के अमोना वार्ड संख्या 21 निवासी अली हुसैन (42 साल) के रूप में हुई है. मृतक ड्राइवर था और हत्या करने वाला युवक सत्तू बेचकर रोजी रोटी कमाता था.
युवक की क्यों की गई हत्या?
बताया जा रहा है कि गुरुवार की सुबह सत्तू बेचने की जगह पर पिकअप लगाने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ. इसी विवाद में सत्तू बेचने वाले युवक ने पिकअप चालक अली हुसैन को पहले चाकू से गोद-गोद कर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद सिर को धड़ से अलग कर सड़क पर रख दिया. यह देख मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा.
हत्यारे की पीट-पीटकर हालत गंभीर
इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने हत्यारे को भी पकड़कर जमकर पीटाई कर दी. हत्या के आरोपी की भी हालत गंभीर बताई जा रही है. हत्यारे की पहचान रवि चौहान के रूप में हुई है जो कि फारबिसगंज का ही रहने वाला है. घटनास्थल पूरी तरह से पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है. इतना ही नहीं, आस-पास के लोगों के बीच डर का माहौल भी कायम हो गया है.
गुस्साए लोगों ने किया प्रदर्शन और आगजनी
जानकारी के मुताबिक, घटना के बाद लोगों ने जमकर प्रदर्शन किया. इस दौरान गुस्साए लोगों ने फारबिसगंज के सुभाष चौक पर आगजनी भी की. घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरी स्थिति को कंट्रोल करने में जुट गई. इस दौरान जिले से पुलिस फोर्स सहित वरीय अधिकारी भी पहुंचे. फिलहाल, पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है.
(अररिया से मृगेंद्र की रिपोर्ट)
Also Read: रक्सौल में एयरो स्पोर्ट्स की फैसिलिटी, पैराग्लाइडिंग और स्काईडाइविंग का लेंगे मजा, जानिए प्लानिंग
