जोकीहाट (अररिया). थाना में जब्त विदेशी शराब प्रतिनिधि, जोकीहाट अररिया- बहादुरगंज नेशनल हाईवे 327 ई पर जोकीहाट पुलिस ने वाहन जांच के दौरान बौरिया चौक के निकट गुरुवार की संध्या भारी मात्रा में विदेशी शराब जब्त की है. विदेशी शराब लदा ट्रक बंगाल से अररिया की ओर जा रहा था. जोकीहाट थानाध्यक्ष राजीव कुमार झा ने मीडिया को बताया कि पश्चिम बंगाल से डीसीएम डबल्यूबी 23 एमबी 127 से 1911 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई है. इस कार्रवाई के दौरान दो शराब तस्करों को गिरफ्तार करते हुए ट्रक भी जब्त कर लिया गया है.
बौरिया चौक के पास वाहन जांच में धराया
थानाध्यक्ष ने बताया कि बहादूरगंज-अररिया मार्ग स्थित बौरिया चौक के निकट वाहन जांच की जा रही थी. इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध ट्रक को रोकने की कोशिश की. लेकिन पुलिस को देखते ही चालक व खलासी वाहन छोड़कर भागने लगे. लेकिन पुलिस बल के जवानों ने खदेड़ कर दोनों को पकड़ लिया. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के बारानगर थाना क्षेत्र के नौपारा वार्ड संख्या 18 निवासी विश्वजीत मंडल ,पिता स्व गोविंद मंडल व काशीपुर थाना क्षेत्र के पैराना चौधरी लेन निवासी नानटू मंडल पिता नारायण मंडल के रूप में हुई है.
वाहन में छिपाकर लायी जा रही थी शराब
इससे पहले वाहन की तलाशी लेने पर उसमें छिपाकर रखी गयी बीयर व विदेशी शराब बरामद हुई. जब्त शराब की कुल मात्रा 1911 लीटर है. प्रशिक्षु पुअनि आशुतोष कुमार के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस शराब तस्करी के सरगना की छानबीन में जुटी है.
