बसंतपुर हाट पड़ाव की 15.17 लाख में हुई बंदोबस्ती

कोर्ट पार्किंग की अंतिम बोली 01.23 लाख पर खत्म

अररिया. नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत आने वाले सैरात के बंदोबस्ती के लिए नगर परिषद कार्यालय के पार्षद कक्ष में सोमवार की देर शाम से बंदोबस्ती की प्रक्रिया शुरू हुई. इसमें 07 सैरात में 02 की बोली लगायी गयी. बसंतपुर हाट के लिए 03 व कोर्ट परिसर स्थित पार्किंग सैरात की बंदोबस्ती के लिए 03 लोगों ने टेंडर प्रक्रिया में भाग लिया.

पहले दिन दो सैरात की हुई बंदोबस्ती

नगर परिषद कार्यालय में बसंतपुर हाट सैरात बंदोबस्ती 2026-27 के लिए डाक प्रक्रिया में तीन संवेदक ही शामिल हुए. इसमें डाक प्रक्रिया में मौजूद संवेदक उमा शंकर भगत, प्रदीप कुमार भगत व सिकंदर कुमार शामिल हुए, जो लोग 2025-26 की डाक में मौजूद थे. वहीं नप इओ चंद्र प्रकाश राज की अध्यक्षता में डाक की बोली शुरू की गयी. इसमें 15 लाख 17 हजार 500 रुपये की अंतिम बोली पर खत्म हुई. इससे पूर्व 2025-26 की डाक में अंतिम बोली 15.10 लाख पर खत्म हुई थी. पूर्व की तरह इस बार भी प्रदीप कुमार भगत ने अंतिम बोली लगायी व बसंतपुर हाट का डाक उनको मिल गया. वहीं कोर्ट परिसर पार्किंग की अंतिम बोली 01.23 लाख रुपये पर खत्म हुई. टेंडर में बोली लगाने वालों में राशिद जमाल, मो जाहिद व मो मुशर्रफ शामिल थे. 01.23 लाख रुपये की सबसे अधिक बोली मो मुशर्रफ ने लगाते हुए कोर्ट पार्किंग की बंदोबस्ती अपने नाम कर ली.

अररिया नप अंतर्गत सात सैरातों की होती है बंदोबस्ती

ज्ञात हो कि नप क्षेत्र अंतर्गत कुल 07 सैरात की बंदोबस्ती की जाती है. 2024-25 तक 06 सैरातों का डाक होता था. वहीं 2025-26 में कोर्ट परिसर पार्किंग की बंदोबस्ती इसमें जुड़ी. इसके बाद से अब 07 सैरातों की बंदोबस्ती की जाती है. इससे अररिया नगर परिषद को लाखों रुपये के राजस्व की प्राप्ति होती है. हालांकि मूलभूत सुविधाओं की बांट जोहते सैरात को अब तक सुसज्जित करने की प्रक्रिया को अमलीजामा पहनाया नहीं जा सका है. नप को राजस्व अदा करने वाले 07 सैरात में बसंतपुर हाट, बस स्टैंड पड़ाव, ऑटो पड़ाव, सुलभ शौचालय, अररिया आरएस हाट, रजोखर हाट व अररिया व्यवहार न्यायालय परिसर स्थित पार्किंग शामिल है.

लोगों के बीच हो रही तरह-तरह की चर्चा

अररिया. अररिया नगर परिषद में बंदोबस्ती को लेकर हरेक साल लाखों रुपये का डाक लगता है. लेकिन लोगों में यह धारणा है कि इस प्रक्रिया की खबर लोगों तक नहीं पहुंच सकती हैं. कई संवेदक इससे अछूते रह जाते हैं. लोगों ने कहा कि यह अलग बात है कि आम लोगों को कहां तक डाक की जानकारी हो पाती है या फिर कुछ लोगों की मानें तो डाक की प्रक्रिया में नगर परिषद के करीबी लोगों को ही जगह मिल पाती है. खैर, इन आरोपों पर तो वरीय पदाधिकारियों के स्तर पर जांच हो, तब ही सच सामने आ पाये. इधर, नप कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, इस बार डाक की प्रक्रिया महावीर जयंती के बाद 01 अप्रैल को भी जारी रहेगी. पहले दिन के डाक में नप को 16 लाख 40 हजार 500 रुपये का राजस्व प्राप्त होने का अनुमान है. वहीं 05 सैरात का बंदोबस्ती कार्य 01 अप्रैल को होना है. मौके पर नप के कार्यपालक पदाधिकारी चंद्र प्रकाश राज, लेखापाल सह प्रधान सहायक चंदन कुमार, आदर्श शिवम बब्बू सहित डाक में भाग लेने मौजूद संवेदक थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >