अररिया. बैरगाछी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 817 ग्राम स्मैक के साथ एक कथित तस्कर को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार जब्त स्मैक की कीमत करीब 80 लाख रुपये आंकी गयी है. तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक कार भी जब्त की गई है. कार्रवाई के दौरान कार में सवार दो अन्य युवक फरार हो गए, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है.
सुपौल ले जाने की सूचना पर शुरू हुई वाहन जांच
पुलिस को सूचना मिली थी कि जोकीहाट की ओर से झारखंड नंबर की एक कार में कुछ लोग स्मैक की बड़ी खेप लेकर सुपौल जिले की ओर जा रहे हैं. सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार के निर्देश पर सदर एसडीपीओ सुशील कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में अजमतपुर के समीप एनएच 327ई पर वाहन जांच अभियान शुरू किया.
पुलिस को देखकर कार छोड़कर भागे तीन युवक
वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध झारखंड नंबर की कार को रोकने का इशारा किया. पुलिस के अनुसार कार में सवार तीन युवक वाहन छोड़कर भागने लगे. पुलिस टीम ने पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया, जबकि दो अन्य आरोपी फरार होने में सफल रहे. गिरफ्तार युवक की पहचान सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के तरही भवानीपुर निवासी मो. नौवेद खान के रूप में हुई है.
जिपर और डैशबोर्ड से बरामद हुई 817 ग्राम स्मैक
पुलिस के अनुसार कार की तलाशी के दौरान एक जिपर से 100 ग्राम स्मैक बरामद हुई. वहीं कार के डैशबोर्ड से 717 ग्राम स्मैक मिली. इस तरह कुल 817 ग्राम स्मैक जब्त की गई. पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त कार को भी जब्त कर लिया है. बरामद मादक पदार्थ की कीमत करीब 80 लाख रुपये आंकी गई है.
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज, नेटवर्क की जांच जारी
एसपी जितेंद्र कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि मामले में बैरगाछी थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस तस्करी नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की भी जांच कर रही है, ताकि इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके.
छापेमारी टीम में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल
कार्रवाई में बैरगाछी थानाध्यक्ष नवदीप गुप्ता, पुलिस अवर निरीक्षक ज्वाला प्रसाद, सहायक अवर निरीक्षक संतोष कुमार, पीटीसी गोविंद खोजवार, सिपाही अंकित कुमार, राम प्रसाद पासवान सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे.
