राजकीय पॉलिटेक्निक में विद्यार्थी सहयोग शिविर, डीएम ने सुनी छात्र-छात्राओं की समस्याएं

अररिया के राजकीय पॉलिटेक्निक में 'सबका सम्मान, जीवन आसान' अभियान के तहत विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन हुआ. जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद कर उनकी शैक्षणिक, आवासीय व अन्य समस्याओं को सुना और त्वरित निराकरण का आश्वासन दिया.

अररिया. बिहार सरकार के विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की ओर से सात निश्चय योजना-03 के तहत संचालित ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ अभियान के अंतर्गत मंगलवार को राजकीय पॉलिटेक्निक अररिया परिसर में विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में जिलाधिकारी सह जिला दंडाधिकारी विनोद दूहन ने छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद कर उनकी शैक्षणिक, आवासीय एवं अन्य समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं की जानकारी ली. उन्होंने विद्यार्थियों की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निराकरण का आश्वासन दिया.

डीएम ने विद्यार्थियों से किया सीधा संवाद

शिविर का उद्घाटन जिलाधिकारी विनोद दूहन ने दीप प्रज्वलित कर किया. इस अवसर पर अपर समाहर्ता, एसपी जितेंद्र कुमार, एसडीपीओ सुशील कुमार सहित जिला प्रशासन के कई वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे. जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए.

सहयोग पोर्टल की दी गई जानकारी

शिविर में छात्र-छात्राओं को विद्यार्थी सहयोग पोर्टल के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई. अधिकारियों ने बताया कि विद्यार्थी अपनी शैक्षणिक या अन्य समस्याओं से संबंधित शिकायत और सुझाव पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं. इसके साथ ही वे अपनी शिकायत की स्थिति भी ऑनलाइन ट्रैक कर सकेंगे. शिकायतों का अधिकतम 30 दिनों के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने की व्यवस्था की गई है.

कियोस्क से शिकायत दर्ज करने का लाइव प्रदर्शन

संस्थान परिसर में लगाए गए कियोस्क के माध्यम से शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया का लाइव प्रदर्शन भी किया गया. विद्यार्थियों को बताया गया कि तकनीक के माध्यम से शिकायत दर्ज करना आसान बनाया गया है, जिससे उन्हें अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा.

विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक लिया हिस्सा

कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता डॉ. परमेंद्र मिश्रा ने किया. आयोजन में नोडल पदाधिकारी मिथुन कुमार रजक और डॉ. टिंकू अली की महत्वपूर्ण भूमिका रही. शिविर में संस्थान के सभी व्याख्याता और कर्मी सक्रिय रूप से मौजूद रहे. बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने शिविर में हिस्सा लिया और अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं.

पारदर्शी शिकायत निवारण व्यवस्था पर जोर

कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य डॉ. ठाकुर संजय कुमार ने जिला प्रशासन, सभी व्याख्याताओं, कर्मियों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि विद्यार्थी सहयोग शिविर का उद्देश्य छात्रों के लिए पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी शिकायत निवारण व्यवस्था उपलब्ध कराना है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राहुल सिंह

राहुल सिंह प्रिंट माध्यम में 10 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >