कुर्साकांटा में 28 लाख का 240 KG गांजा जब्त, पिकअप वैन के साथ 4 तस्कर गिरफ्तार

अररिया पुलिस ने कुर्साकांटा थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 28 लाख रुपये मूल्य का 240 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जो एक पिकअप वाहन से तस्करी कर रहे थे।

कुर्साकांटा (अररिया). नशे के खिलाफ अररिया पुलिस के प्रहार अभियान में गुरुवार की अल सुबह कुर्साकांटा थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली. गुप्त सूचना के आधार पर थाना क्षेत्र के महेशखूंट के पास छापेमारी कर पुलिस ने करीब 28 लाख रुपये मूल्य का 240.29 किलोग्राम गांजा बरामद किया. मौके से चार लोगों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस के अनुसार जब्त गांजा एक पिकअप वाहन से बरामद हुआ.

पिकअप से बरामद हुआ 18 बंडल गांजा

पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि मादक पदार्थ की बड़ी खेप क्षेत्र से होकर ले जाई जा रही है. सूचना के सत्यापन के बाद कुर्साकांटा थानाध्यक्ष रोहित कुमार के नेतृत्व में टीम ने महेशखूंट के पास कार्रवाई की. छापेमारी के दौरान एक सफेद पिकअप वाहन से गांजा के 18 बंडल बरामद किए गए.

चार आरोपित गिरफ्तार

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक हुंडई आई-10 कार में सवार चार लोगों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कौवाखोह निवासी बबलू कुमार विश्वास और छोटू रजक, दहरापीपर निवासी शारुख आलम तथा कपड़फोड़ा निवासी प्रवेश कुमार सिंह के रूप में हुई है. चारों अररिया जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं.

दो वाहन और पांच मोबाइल जब्त

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 240.29 किलोग्राम गांजा के अलावा पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए. जब्त मोबाइल में मोटरोला, वीवो, ओप्पो सहित अन्य फोन शामिल हैं. इसके अलावा सफेद रंग की पिकअप संख्या बीआर 38 जीए 8287 और हुंडई आई-10 संख्या बीआर 11 बीबी 3068 को भी जब्त किया गया है.

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

मामले में कुर्साकांटा थाना कांड संख्या 145/26 दर्ज किया गया है. पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है. गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर गांजा तस्करी के नेटवर्क तथा इसके बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.

छापेमारी टीम को सम्मानित करेंगे एसपी

छापेमारी दल का नेतृत्व थानाध्यक्ष रोहित कुमार ने किया. टीम में पुअनि उदय यादव, मुकेश कुमार विश्वास, अनमोल कुमार विश्वास सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे. एसपी जितेंद्र कुमार ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है. कुर्साकांटा पुलिस की इस कार्रवाई में शामिल पदाधिकारियों और जवानों को सम्मानित किया जाएगा.

2026 में गांजा और स्मैक के खिलाफ तेज हुआ अभियान

एसपी के अनुसार अररिया जिले में वर्ष 2026 के दौरान नशे के खिलाफ कार्रवाई में तेजी आई है. उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक इस वर्ष अब तक 7248 किलोग्राम गांजा बरामद किया जा चुका है. पिछले वर्षों में भी गांजा बरामदगी का आंकड़ा लगातार बढ़ा है. वर्ष 2021 में 847 किलोग्राम, 2022 में करीब 900 किलोग्राम, 2023 में करीब 2800 किलोग्राम तथा 2024 और 2025 में करीब 5000-5000 किलोग्राम गांजा बरामद किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है.

स्मैक के खिलाफ भी कार्रवाई तेज

एसपी ने बताया कि स्मैक और ब्राउन शुगर के खिलाफ भी पुलिस की कार्रवाई तेज की गई है. उनके अनुसार वर्ष 2021 से 2025 के बीच कुल स्मैक बरामदगी 9 किलोग्राम से कम रही, जबकि वर्ष 2026 में अब तक 7.5 किलोग्राम से अधिक स्मैक बरामद की जा चुकी है. इसके अलावा कोडीन और नशीली दवाओं की बरामदगी को लेकर भी कार्रवाई की जा रही है.

सीमावर्ती रूट पर बढ़ाई गई निगरानी

एसपी जितेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली है कि स्मैक की सप्लाई मालदा होते हुए भारत-बांग्लादेश सीमा क्षेत्र तक पहुंचाने की कोशिश की जाती है. इसी संभावित रूट पर पुलिस की निगरानी बढ़ाई गई है. सीमावर्ती इलाकों में देर रात वाहनों की जांच और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की रणनीति भी तैयार की जा रही है.

देर रात सीमा क्षेत्र का निरीक्षण करने पहुंचे एसपी

एसपी जितेंद्र कुमार बुधवार की देर रात जोगबनी से होते हुए सिकटी सीमा क्षेत्र के निरीक्षण पर निकले. निरीक्षण के दौरान उन्होंने कुछ कमियां भी देखीं और संबंधित अधिकारियों के साथ इस संबंध में चर्चा करने की बात कही. उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए रात में भी वाहनों की जांच के लिए संवेदनशील स्थान चिह्नित किए जाएंगे.

जनता से नशे की सूचना पुलिस को देने की अपील

एसपी ने जिले के लोगों और खासकर युवाओं से नशे से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की. उन्होंने कहा कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी. एसपी ने कहा कि अररिया को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस का प्रहार अभियान आगे भी जारी रहेगा.

वीडियो देखने के लिए, सीधे इस लिंक पर विजिट करें:


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मृगेंद्रमणि सिंह

मृगेंद्रमणि सिंह प्रिंट माध्यम में 16 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. प्रभात खबर के अररिया कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >