Araria News: अररिया से बीपी राजा की विधि रिपोर्ट . रामाश्रम सत्संग मथुरा उपकेंद्र अररिया की ओर से 16 मई की शाम और 17 मई की सुबह एवं शाम विशेष आध्यात्मिक साधना शिविर आयोजित किया जा रहा है. यह शिविर जिला मुख्यालय स्थित रानीगंज रोड, ओम नगर के प्राईम हॉल विवाह भवन परिसर में होगा. आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं और श्रद्धालुओं में उत्साह देखा जा रहा है.
दो घंटे की होगी प्रत्येक साधना सीटिंग
आयोजकों के अनुसार इस आध्यात्मिक आंतरिक सत्संग साधना शिविर की प्रत्येक सीटिंग लगभग दो घंटे की होगी. शिविर में ध्यान, साधना और आध्यात्मिक चिंतन के माध्यम से लोगों को मानसिक शांति और आत्मिक ऊर्जा प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा.
सत्संग से जुड़े लोगों का कहना है कि आधुनिक जीवन की भागदौड़ और तनाव के बीच इस तरह के आध्यात्मिक कार्यक्रम लोगों को सकारात्मक ऊर्जा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.
तैयारियों को दिया जा रहा अंतिम रूप
शिविर को लेकर आयोजन स्थल पर विशेष तैयारियां की जा रही हैं. श्रद्धालुओं के बैठने, प्रकाश व्यवस्था और अन्य सुविधाओं को लेकर व्यवस्थाएं लगभग पूरी कर ली गयी हैं.
आयोजन समिति से जुड़े लोगों के अनुसार बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी विशेष व्यवस्था की जा रही है ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके.
बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद
रामाश्रम सत्संग के अनुयायियों के साथ-साथ जिले और आसपास के क्षेत्रों से भी श्रद्धालुओं के इस शिविर में पहुंचने की संभावना जतायी जा रही है. आयोजकों का कहना है कि सत्संग और साधना के माध्यम से लोगों को आंतरिक शांति और आध्यात्मिक मार्गदर्शन मिलेगा.
आयोजकों ने लोगों से की अपील
सत्संग से जुड़े ओम नगर निवासी नीरज प्रसाद ने बताया कि शिविर को लेकर सभी तैयारियां जोरों पर हैं. उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से कार्यक्रम में शामिल होकर आध्यात्मिक लाभ लेने की अपील की है.
Also Read: मधेपुरा में दिनदहाड़े किसान से लूट की कोशिश, कट्टा सटाकर की मारपीट, इलाके में दहशत
