अररिया के बबुआन में भीषण अग्निकांड, दो घर जलकर राख, लाखों की संपत्ति स्वाहा

Araria News: नरपतगंज प्रखंड के सीमावर्ती बबुआन पंचायत में अचानक लगी भीषण आग ने दो परिवारों की जिंदगी को झकझोर कर रख दिया. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और दो घरों को पूरी तरह राख में बदल दिया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गयी.

Araria News: अरारिया के नरपतगंज से संजीव कुमार यादव की रिपोर्ट. भारत-नेपाल सीमा से सटे बबुआन पंचायत के वार्ड संख्या-12 में हुए अग्निकांड में दो घर पूरी तरह जलकर राख हो गये. आग की चपेट में आने से घर में रखे अनाज, कपड़े, नगदी और जेवरात समेत लाखों रुपये की संपत्ति नष्ट हो गयी. सूचना मिलने के बाद स्थानीय ग्रामीणों और अग्निशमन टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.

अचानक लगी आग से मचा हड़कंप

जानकारी के अनुसार बबुआन वार्ड संख्या-12 निवासी साले और मनीरूद्दीन के घर में अचानक आग लग गयी. शुरुआत में लोगों को आग लगने की वजह समझ नहीं आयी, लेकिन कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया.

तेज लपटों और धुएं को देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया. हालांकि आग इतनी तेजी से फैली कि दोनों घर पूरी तरह उसकी चपेट में आ गये.

लाखों की संपत्ति जलकर राख

अग्निकांड में घर में रखा अनाज, वस्त्र, नगदी, जेवरात और घरेलू सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया. पीड़ित परिवारों के अनुसार आग में उनकी वर्षों की जमा पूंजी खत्म हो गयी.

घटना के बाद परिवार के लोग बदहवास हो गये. ग्रामीणों ने बताया कि अगर समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो आसपास के अन्य घर भी इसकी चपेट में आ सकते थे.

ग्रामीणों और दमकल टीम ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे. इसके बाद थाना से अग्निशमन टीम भी पहुंची और घंटों की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया गया.

ग्रामीणों का कहना है कि सामूहिक प्रयास के कारण बड़ा हादसा टल गया, वरना नुकसान और अधिक हो सकता था.

मुआवजे की मांग, प्रशासन ने दिया भरोसा

अग्निकांड के बाद पीड़ित परिवारों ने अंचल पदाधिकारी को आवेदन देकर सरकारी सहायता और मुआवजे की मांग की है.

रविंद्र कुमार ने बताया कि राजस्व कर्मचारी द्वारा जांच रिपोर्ट तैयार की जाएगी. रिपोर्ट मिलने के बाद सरकारी प्रावधान के तहत पीड़ित परिवारों को सहायता राशि उपलब्ध करायी जाएगी.

Also Read: इलाज की उम्मीद लेकर आए परिजन, PMCH में ठगी के हुए शिकार

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >