Araria news: अररिया से मृगेंद्र मानी सिंह / नवीन कुमार की रिपोर्ट:
18 मई से लापता था 10वीं का छात्र विशाल, दो लाख की फिरौती मांगने के बाद बांस झाड़ी से मिला शव: मोबाइल गेम में पैसों के विवाद में दोस्तों पर हत्या का आरोप
अररिया जिले में 10वीं के छात्र विशाल कुमार की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. 18 मई से लापता छात्र का शव बुधवार सुबह मजलिशपुर पंचायत के कुजरी बेलबाड़ी गांव स्थित बांस की झाड़ी से बरामद किया गया. मामले में पुलिस ने मृतक के दो दोस्तों को हिरासत में लिया है. शुरुआती जांच में मोबाइल गेम को लेकर विवाद हत्या की वजह बताया जा रहा है.
मृतक विशाल कुमार उच्च माध्यमिक विद्यालय करोड़ दिघली में 10वीं कक्षा का छात्र था. उसके पिता श्रीलाल महतो और बड़ा भाई मुंबई में मजदूरी करते हैं. घटना के बाद मां ममता देवी और बहन पूजा कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है.
दो लाख की फिरौती मांगने का आरोप
मृतक की मां ममता देवी ने पलासी थाना में दिए आवेदन में बताया था कि 18 मई को स्कूल से घर लौटने के बाद विशाल अचानक लापता हो गया. काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला. इसी दौरान परिवार को फोन कर दो लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी.
परिजनों ने बेटे के अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस से उसकी बरामदगी की गुहार लगाई थी. हालांकि दो दिनों बाद छात्र का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई.
मोबाइल गेम को लेकर हुआ विवाद
अररिया एसपी जितेंद्र कुमार ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दो दोस्तों को हिरासत में लिया है. पूछताछ में हत्या के पीछे मोबाइल गेम में लगाए जाने वाले पैसों का विवाद सामने आया है.
एसपी के अनुसार छात्र और उसके दोस्त ऑनलाइन मोबाइल गेम खेलते थे, जिसमें डॉलर के रूप में राशि लगाई जाती थी. इसी विवाद में विशाल की हत्या कर दी गई. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया दाबिया भी बरामद कर लिया है.
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही पलासी पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची. वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच की जा रही है. पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहराई से पड़ताल में जुटी है.
बच्चों की मोबाइल गतिविधियों पर नजर जरूरी
एसपी जितेंद्र कुमार ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि बच्चों को मोबाइल देने के बाद उनकी गतिविधियों की निगरानी जरूरी है. ऑनलाइन गेम और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बच्चों की बढ़ती निर्भरता कई बार गंभीर घटनाओं का कारण बन रही है.
ALSO READ: 12 साल बाद बेटे से मिला परिवार, पिता को देखते ही भावुक हो गया युवक
