अररिया में 10 घंटे में सुलझा अपहरण-हत्याकांड, ऑनलाइन गेम में करोड़ों की रकम के शक ने ली दोस्त की जान

Araria News : अररिया जिले में 17 वर्षीय किशोर विशाल कुमार महतो के अपहरण और हत्या मामले का पुलिस ने महज 10 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया. पुलिस जांच में चौंकाने वाली बात सामने आई है कि कथित तौर पर “क्यूटेक्स गेम” में करोड़ों रुपये जीतने के शक में दोस्तों ने ही विशाल की हत्या कर दी. मामले में दो विधि विरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया गया है.

अररिया से मृगेंद्र मणि सिंह की रिपोर्ट : विशाल कुमार महतो के अपहरण व हत्या मामले में पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अनुसार, पलासी थाना क्षेत्र के कनखुदिया गांव से 19 मई 2026 को विशाल कुमार महतो के अपहरण की सूचना मिली थी. इसके बाद पलासी थाना में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया. एसपी जितेंद्र कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. तकनीकी जांच और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 10 घंटे के भीतर पूरे मामले का खुलासा कर दिया.

बांसबट्टी से मिला शव, पानी से बरामद हुआ हथियार

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चंडीपुर चरारनी के बासबट्टी इलाके से विशाल का शव बरामद किया. शव से करीब 50 मीटर दूर पानी भरे गड्ढे से हत्या में इस्तेमाल किया गया ‘दविया’ भी बरामद हुआ. इसके अलावा मृतक का मोबाइल, घटना में प्रयुक्त बाइक और आरोपियों के मोबाइल फोन भी पुलिस ने जब्त कर लिए हैं.

ऑनलाइन गेम बना हत्या की वजह

जांच में सामने आया कि नेटवर्किंग आधारित गेम में विशाल द्वारा करीब 4 करोड़ रुपये जीतने की चर्चा थी. इसी रकम के शक में दोस्तों ने मिलकर हत्या की साजिश रची. हत्या के बाद शव को बांस की झाड़ी में फेंक दिया गया और हथियार पानी में छिपा दिया गया था. हालांकि पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आगे भी अनुसंधान जारी रहेगा.

छापेमारी टीम ने निभाई अहम भूमिका

इस पूरे ऑपरेशन में थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार, पुअनि रौशन कुमार, मिथुन कुमार शर्मा, विजय कुमार यादव समेत कई पुलिसकर्मी और महिला सिपाहियों की टीम शामिल रही. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग इस वारदात को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं.

बच्चों की मोबाइल गतिविधियों पर नजर जरूरी

एसपी जितेंद्र कुमार ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि बच्चों को मोबाइल देने के बाद उनकी गतिविधियों की निगरानी जरूरी है. ऑनलाइन गेम और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बच्चों की बढ़ती निर्भरता कई बार गंभीर घटनाओं का कारण बन रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amit kumar sinh

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >