अररिया : नवपदस्थापित ड्रग्स इंस्पेक्टर शिव नंदन ने पदभार संभालते ही नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है. प्रतिबंधित कोडिनयुक्त कफ सिरप की बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से मंगलवार देर शाम अररिया शहर के दवा बाजार में औचक छापेमारी अभियान चलाया गया.
ड्रग्स इंस्पेक्टर के नेतृत्व में टीम ने मारवाड़ी पट्टी स्थित अलका फार्मा, जैन मेडिकल एजेंसी सहित कई दवा प्रतिष्ठानों की गहन जांच की. गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में किसी भी दुकान से प्रतिबंधित कोडिनयुक्त कफ सिरप बरामद नहीं हुआ. हालांकि अचानक हुई छापेमारी से दवा कारोबारियों में हड़कंप मच गया.
जांच के दौरान अधिकारियों ने स्टॉक रजिस्टर, खरीद-बिक्री के बिल और दवा दुकानों के लाइसेंस की बारीकी से जांच की. कुछ प्रतिष्ठानों में अनियमितताएं मिलने पर संचालकों को चेतावनी भी दी गई.
अभियान लगातार जारी रहेगा
ड्रग्स इंस्पेक्टर शिव नंदन ने स्पष्ट कहा कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री रोकने के लिए यह अभियान लगातार और सख्ती के साथ चलाया जाएगा. उन्होंने कहा कि किसी भी समय औचक जांच की जा सकती है.
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन के निर्देश पर अररिया अनुमंडल के साथ-साथ सीमावर्ती क्षेत्रों में भी निगरानी बढ़ाई जाएगी, ताकि नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाई जा सके.
लोगों ने कार्रवाई का किया स्वागत
ड्रग्स इंस्पेक्टर की इस कार्रवाई का स्थानीय लोगों ने स्वागत किया है. लोगों का कहना है कि कोडिनयुक्त कफ सिरप के दुरुपयोग से युवा पीढ़ी प्रभावित हो रही है. प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा सके.
छापेमारी के दौरान एएसआई सोनेलाल सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद रहे.
