Araria Tractor Accident: भरगामा थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर हादसे में तीन महिलाओं की मौत की खबर मिलते ही सिरसिया कला गांव में शोक की लहर दौड़ गई. घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मृतकों के घर पहुंच गए और परिजनों को ढांढस बंधाने में जुट गए. गांव का माहौल पूरी तरह गमगीन बना हुआ है.
भतीजी को बेटी की तरह पाला था मीरा देवी ने
हादसे में जान गंवाने वाली बबलू मंडल की पत्नी मीरा देवी की कोई संतान नहीं थी. उन्होंने अपनी भतीजी अलका कुमारी को बेटी की तरह पाला था. घटना के बाद अलका कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव की महिलाएं उन्हें संभालने का प्रयास कर रही हैं. परिजनों ने मजदूरी के लिए बाहर ले जाने वाले लोगों पर भी नाराजगी जताई.
चार बच्चों के सिर से उठा मां का साया
किशोर मंडल की पत्नी रंजू देवी की मौत से उनके चार छोटे-छोटे बच्चे बेसहारा हो गए हैं. बच्चे लगातार रो रहे हैं और गांव के लोग उन्हें सांत्वना देने में जुटे हैं. मृतका की मां गोतनी देवी की चीत्कार से पूरे गांव का माहौल भावुक हो गया.
पति के बाद अब पत्नी की भी मौत
Araria Tractor Accident: कारी मंडल की पत्नी नैया देवी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. उनके पति का निधन पांच वर्ष पहले ही हो चुका था. अब घर की जिम्मेदारी संभालने वाली भी नहीं रही. उनकी बहू का विलाप सुनकर आसपास मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं.
ग्रामीणों में आक्रोश, जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है. ग्रामीणों का आरोप है कि ट्रैक्टर एक नाबालिग चला रहा था और इसी लापरवाही के कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ. लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
