Araria News: भारत-नेपाल सीमा पर नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में अररिया पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (SSB) को बड़ी सफलता मिली है. बथनाहा थाना क्षेत्र में संयुक्त कार्रवाई के दौरान एक युवक को 9 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया. उसके पास से बिना रजिस्ट्रेशन नंबर की मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है.
सीमा पर संयुक्त टीम की सघन कार्रवाई
गुरुवार रात एसएसबी की 56वीं वाहिनी की सीमा चौकी पथरदेवा और बथनाहा थाना पुलिस संयुक्त रूप से विशेष एमसीपी ड्यूटी पर तैनात थी. इसी दौरान पथरदेवा गांव के निकट सीमा स्तंभ संख्या 186/1 से लगभग एक किलोमीटर भारतीय क्षेत्र में नेपाल की ओर से आ रहे एक संदिग्ध बाइक सवार को रोककर तलाशी ली गई.
तलाशी के दौरान उसके पास से कुल 9 किलो गांजा बरामद हुआ. इसके बाद संयुक्त टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया.
बिना नंबर की बाइक और मोबाइल भी जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस और एसएसबी ने आरोपी के कब्जे से एक बिना रजिस्ट्रेशन नंबर की मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया. प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बाइक का इस्तेमाल सीमा पार से नशीले पदार्थों की तस्करी के लिए किया जा रहा था.
पूर्णिया निवासी प्रिंस कुमार की हुई पहचान
गिरफ्तार युवक की पहचान प्रिंस कुमार, पिता दिनेश मंडल, निवासी बड़हरा, जिला पूर्णिया के रूप में हुई है.
बथनाहा थानाध्यक्ष राजवीर कुमार साहू ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वह किसी बड़े तस्करी नेटवर्क से जुड़ा है या नहीं.
Araria News: सीमा क्षेत्र में बढ़ी चौकसी
भारत-नेपाल सीमा पर हाल के दिनों में नशीले पदार्थों की तस्करी को रोकने के लिए सुरक्षा एजेंसियों द्वारा लगातार संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है. सीमा क्षेत्र में विशेष निगरानी, वाहन जांच और गश्त बढ़ाई गई है ताकि अवैध तस्करी नेटवर्क पर प्रभावी रोक लगाई जा सके.
अधिकारियों का कहना है कि सीमा पार से होने वाली अवैध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए एसएसबी और स्थानीय पुलिस के बीच समन्वित अभियान आगे भी जारी रहेगा.
Also Read: बिहार : स्कूल बढ़े पर 38.5% स्टूडेंट ही 12वीं तक पहुंचे, पढ़ाई छोड़कर कहां जा रहे हैं बच्चे?
