Amrit Bharat Express: अरारिया के नरपतगंज से संजीव कुमार यादव की रिपोर्ट नरपतगंज रेलवे स्टेशन से शनिवार को पहली बार अमृत भारत एक्सप्रेस अमृतसर के लिए रवाना हुई. ट्रेन के पहली बार स्टेशन पहुंचने पर यात्रियों और स्थानीय लोगों में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला. ट्रेन के आगमन को लेकर लोग घंटों पहले से स्टेशन पर पहुंचकर इंतजार करते रहे.
ट्रेन पहुंचते ही स्टेशन पर दिखा उत्साह
जानकारी के अनुसार अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी के बीच चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस शनिवार को दोपहर 12:45 बजे नरपतगंज रेलवे स्टेशन पहुंची. कुछ देर रुकने के बाद ट्रेन अमृतसर के लिए रवाना हो गयी. ट्रेन के पहले दिन परिचालन को लेकर आसपास के क्षेत्रों के लोगों में खास उत्सुकता रही.
दर्जनों यात्रियों ने किया सफर
पहले दिन ही दर्जनों स्थानीय यात्रियों ने अमृत भारत एक्सप्रेस से अमृतसर और अन्य शहरों के लिए यात्रा शुरू की. ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों ने कहा कि इससे सीमांचल क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी. पहले लंबी दूरी की यात्रा के लिए बसों पर निर्भर रहना पड़ता था, जिसमें अधिक समय और किराया लगता था.
कम खर्च और बेहतर सुविधा की उम्मीद
स्थानीय लोगों का कहना है कि अमृत भारत एक्सप्रेस शुरू होने से अब कम समय और कम खर्च में यात्रा संभव हो सकेगी. खासकर मजदूर, छात्र और कारोबारियों को इस ट्रेन से काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है.
स्टेशन पर जश्न जैसा माहौल
ट्रेन के स्टेशन पहुंचते ही लोगों ने खुशी जाहिर की और कई लोग मोबाइल फोन से वीडियो और तस्वीरें बनाते नजर आये. रेलवे स्टेशन परिसर में दिनभर उत्साह का माहौल बना रहा. लोगों ने इसे क्षेत्र के विकास और बेहतर रेल संपर्क की दिशा में बड़ा कदम बताया.
सीमांचल के लिए बड़ी सौगात
स्थानीय नागरिकों का मानना है कि इस ट्रेन के परिचालन से नरपतगंज सहित आसपास के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी. इससे यात्रियों को पंजाब, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों तक सीधी रेल सुविधा मिल सकेगी.
Read Also:आज पूरे बिहार में आंधी-बारिश की चेतावनी, जानिए कब तक मॉनसून की होगी एंट्री
