िन:शुल्क गैस कनेक्शन प्रदान करने को लेकर उज्ज्वला कार्यक्रम की शुरुआत सांसद को करना था. उन्होंने सूची देखने के बाद नाराजगी जतायी और मौके से लौट गये.
अररिया : प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के अंतर्गत खाद्य सुरक्षा योजना के तहत कार्ड धारकों के बीच नि:शुल्क गैस कनेक्शन की शुरुआत शुक्रवार को नहीं हो पायी. कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद मो तसलीमउद्दीन को करना था. वे कार्यक्रम स्थल टॉउन हॉल आये. लेकिन सूची में गड़बड़ी पर एतराज जताते हुए शुभारंभ करने से इनकार कर दिया. इस मौके पर पहुंचे चिह्नित लाभार्थियों में उदासी छा गयी.
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम के तहत चिह्नित लाभार्थियों के बीच नि:शुल्क गैस कनेक्शन के साथ एक गैस सिलेंडर, चूल्हा, रेगुलेटर व पाइप का वितरण किया जाना था. मौके पर स्टार गैस एजेंसी के प्रतिनिधि प्रभाकर ने बताया कि जिले में लगभग 32 हजार लाभुक चिह्नित हैं. जिसे अररिया, फारबिसगंज, गीतवास, पलासी, फुलकाहा, नरपतगंज, जोगबनी सहित अन्य गैस एजेंसियों द्वारा लाभार्थियों को कनेक्शन देना है, जिसकी शुरुआत सांसद द्वारा आज की जानी थी, जो नहीं हो पाया.
कहते हैं सांसद
कार्यक्रम स्थल टॉउन हॉल से वापस लौटते सांसद मो तसलीमउद्दीन ने कहा लाभार्थियों की सूची सही तरीके से नहीं बनायी गयी है. उन्होंने कहा कि पहले देखेंगे. उसके बाद इसका शुभारंभ किया जायेगा. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम है. गरीबों, बेबसों के हित के लिए है. सूची को देखने-जांचने के बाद ही इसकी शुरुआत की जायेगी.
