29 वार्डों में सर्वे के काम के लिए 29 पर्यवेक्षक व 53 सर्वेयर प्रतिनियुक्त
पूछेंगे शौचालय, पेयजल व विद्युत कनेक्शन के बारे में
अररिया : शहर के विकास में आम लोगों की भागीदारी व उनके आवश्यकताओं को उनसे पूछ कर पूरा करने के लिए नगर परिषद के द्वारा बुधवार से शहर में सर्वे कराया जायेगा. प्रतिनियुक्त सर्वेयर शहर के 29 वार्डों में पहुंचेंगे. इस कार्य के लिए 53 सर्वेयर व 29 पर्यवेक्षकों की प्रतिनियुक्ति की गयी है. सर्वेयर हाउस टू हाउस पहुंच कर उनसे उनके रहने की व्यवस्था से लेकर उनके घर में शौचालय, पेयजल व विद्युत कनेक्शन के बारे में भी पूछेंगे.
क्या-क्या पूछेंगे
लोगों के घरों में 15 जून से सर्वेयर पहुंचेंगे, वे उनसे शौचालय, नल का जल, घर तक पहुंचने के लिए सड़क, पानी निकासी के लिए नाला का प्रकार, सप्लाइ लाइन, ड्रेनेज सिस्टम, विद्युत कनेक्शन, सीवर लाइन आदि की जानकारी लेंगे. सर्वेयर ये सारी बातें पूछ कर घर के मुखिया से हस्ताक्षर करवायेंगे. हस्ताक्षर करने के साथ ही गृह मालिक अपना आधार नंबर या फिर इपिक नंबर सर्वेयर को उपलब्ध करायेंगे. इससे योजनाओं के चयन में उनकी प्राथमिकताओं को तरजीह दिये जाने में विभाग को मदद मिलेगा. गृह मालिक एपीएल श्रेणी में है या बीपीएल श्रेणी में यह भी बताना जरूरी है.
शहरवासियों की भागीदारी जरूरी
हाउस टू हाउस सर्वे के काम के लिए लोगों की भागीदारी जरूरी है. सर्वे का काम 15 जून से 21 जून तक चलेगा. लोगों को अगर परेशानी हो तो इसकी जानकारी नप कार्यालय से ले सकते हैं.
