लोक शिकायत निवारण. लोगों में है जानकारी का अभाव, व्यवस्था में भी कमी
लोक शिकायत िनवारण अधिकार अधिनियम लागू हो चुका है. लेिकन जानकारी के अभाव में लोग सिर्फ गुरुवार को ही आवेदन जमा करने पहुंचते हैं. कार्यालय में व्यवस्था अभी पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त नहीं है, जिस कारण आवेदन करने पहुंचे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है.
अररिया : जिले में यूं तो पांच जून से ही लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम लागू हो चुका है. जिला व अनुमंडल लोक शिकायत निवारण कार्यालयों में अधिकारियों व कर्मियों की पोस्टिंग व प्रतिनियुक्ति हो चुकी है. मोटे तौर पर आवेदन लेने का सिलसिला भी शुरू हो चुका है. पर अब भी नयी व्यवस्था पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त नहीं दिख रही है. व्यवस्था में कमी के चलते ही गुरुवार को लोक शिकायत निवारण कार्यालय पहुंचे फरियादियों को बहुत हद तक दिक्कतों का सामना करना पड़ा.
नयी व्यवस्था की लोगों को नहीं है जानकारी
मिली जानकारी के अनुसार आम लोगों को अब भी लोक शिकायत निवारण की नयी व्यवस्था की जानकारी नहीं है. यही कारण है कि हमेशा की तरह लोग गुरुवार को डीएम के जनता दरबार पहुंचे थे. वहीं से फरियादियों को लोक शिकायत निवारण कार्यालय तक भेजा गया. बताया गया कि दिक्कत केवल स्थानीय स्तर पर नहीं है. सिस्टम को लेकर भी कुछ दिक्कतें आ रही है. यूजर आइडी लॉक रहने के कारण पहले तीन दिनों में आवेदन तो प्राप्त किये गये, पर जिले के संबंधित कार्यालय को मेल द्वारा नहीं भेजा जा सका. अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार से आवेदन भेजना शुरू किया गया है. मिली जानकारी के अनुसार सुनवाई के लिए जिला पदाधिकारी ने विभागों का रोस्टर तैयार करवाया है.
भीड़ से बढ़ी परेशानी
गुरुवार को अचानक बढ़ी भीड़ के कारण कार्यालय में प्रतिनियुक्त कर्मियों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. पावती रसीद निर्गत करने में हो रहे विलंब को लेकर भी कई फरियादी खासे नाराज दिखे. नौबत यहां तक पहुंची कि अधिकारियों को खुद बाहर आकर समझाना-बुझाना पड़ा. पूछे जाने पर दोनों अधिकारियों ने कहा कि लोगों तक ये जानकारी पहुंचनी जरूरी है.
फंक्शनल नहीं हो पाया है कार्यालय
लोक शिकायत निवारण अधिनियम को प्रभावी बनाने के लिए जिला मुख्यालय के साथ-साथ दोनों अनुमंडल मुख्यालय में भी कार्यालय खोले गये हैं. अधिकारियों की पोस्टिंग हो चुकी है. आइटी सहायक व कार्यपालक सहायक भी प्रतिनियुक्त हो चुके हैं. पर अब तक कार्यालय भवन फंक्शनल नहीं हो पाया है. बताया जाता है कि कुछ निर्माण कार्य बाकी है. काम पूरा होने में कमोबेश 10 दिन का समय और लगेगा. स्थिति के मद्देनजर जिला प्रशासन ने डीआरडीए सभा भवन में लोक शिकायत निवारण का अस्थायी कार्यालय बनवाया है. जिला व अनुमंडल के लिए अलग-अलग काउंटर बना कर आवेदन लिये जाने की व्यवस्था की गयी है. आवेदन लिये भी जा रहे हैं. जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी मनोज कुमार झा ने बताया कि पहले तीन दिनों में कुल मिला कर 20 आवेदन आये थे. गुरुवार को लगभग 100 आवेदन प्राप्त हुए.
लोक शिकायत निवारण के बारे में जानकारी
अब प्रत्येक दिन लिये जायेंगे आवेदन
दिन के 10 बजे से कार्यालय बंद होने तक आवेदन जमा होंगे
आवेदन जमा होने के बाद आवेदक को पावती रसीद दी जायेगी
आवेदन जिला लोक निवारण शिकायत कार्यालय व अनुमंडल लोक निवारण शिकायत कार्यालय में जमा किये जा सकते हैं
जिस कार्यालय में आवेदन जमा होगा उसी कार्यालय में मामले का निष्पादन होगा
मामले के निष्पादन के बाद जारी आदेश को अगर कोई पक्ष नहीं मानता है, तो दूसरा पक्ष 30 दिनों को बाद जिला लोक शिकायत निवारण कार्यालय में आवेदन कर सकता है
