गमजदा साथियों ने दी विदाई
अररिया : पंचायत चुनाव में ड्यूटी से वापस लौट रहे एक होमगार्ड जवान की शनिवार देर शाम इलाज के दौरान मौत हो गयी. मृतक जवान शिवानंद करदार पिता लेब्धु करदार पलासी थाना क्षेत्र के मूडमाला गगेड़ी गांव का रहने वाला था. जानकारी अनुसार शिवानंद करदार की ड्यूटी नरपतगंज के सामूदायिक भवन नाथपुर मतदान केंद्र पर लगी थी. चुनाव ड्यूटी से साथियों के साथ वह पुलिस लाइन लौट रहा था. पुलिस लाइन पहुंचने के बाद साथियों ने उन्हें अचेत अवस्था में पड़ा देख तत्काल सदर अस्पताल में दाखिल कराया. जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी.
पोस्टमार्टम के बाद उनका शव आरक्षी केंद्र लाया गया, जहां साथियों ने उन्हें अंतिम सलामी दी. शव पर पुष्प गुच्छ अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गयी. गृह रक्षा वाहिनी के पूर्व अध्यक्ष अभय कुमार झा ने बताया कि शव को रविवार को गांव भेज दिया गया, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जायेगा. मौके पर संघ के जिलाध्यक्ष श्याम सुंदर यादव, युगल किशोर मंडल, सरवर आलम, संत लाल मंडल, अशोक ठाकुर, श्याम सुंदर मंडल सहित सैकड़ों होमगार्ड जवान मौजूद थे. सभी को साथी के बिछड़ने का गम था.
