ब्रेथ एनलाइजर की जांच में धराये छह पियक्कड़, भेजे गये जेल
अररिया : जिला पदाधिकारी के निर्देश पर उत्पाद अधीक्षक के दिशा-निर्देश पर बुधवार को कुर्साकांटा, सिकटी, सोनामनी गोदाम, ताराबाड़ी, उफरैल चौक पर चेक प्वाइंट बना कर ब्रेथ एनलाइजर से जांच अभियान चलाया गया. जिसमें छह पियक्कड़ों को गिरफ्तार किया गया. सभी गिरफ्तार नशाबाजों को गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
उत्पाद अधीक्षक लाला अजय कुमार सुमन ने बताया कि सूचना थी कि नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्र में कुछ लोग शराब पीने नेपाल चले जाते हैं. चोरी छिपे शराब लेकर भी आ जाते हैं. इसी सूचना पर जांच अभियान चलाया गया. अभियान का नेतृत्व अवर निरीक्षक उत्पाद दिलीप राम व रंजीत कुमार ने किया.
उन्होंने बताया कि नेपाल से शराब पी कर आने वाले मो़ साबिर, दिलीप सिंह, मो़ गुफरान उर्फ डोमन, रुपेंद्र सिंह, संतोष कुमार सरदार व मुन्ना कुमार साह को गिरफ्तार किया गया. उन्होंने कहा कि इस तरह का अभियान लगातार चलता रहेगा. इस अभियान में सअनि उत्पाद विष्णु देव यादव, सैप बल के अलावा गृह रक्षा वाहिनी के सशस्त्र बल शामिल थे.
