अररिया. नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए आरएस थाना पुलिस ने अभियान चलाकर 144 लीटर कोडीनयुक्त कफ सिरप बरामद की है. पुलिस ने इस मामले में दो कारोबारियों को गिरफ्तार किया है. कार्रवाई थानाध्यक्ष अंकुर के नेतृत्व में की गयी. दोनों मामलों में अलग-अलग कार्रवाई करते हुए आरोपितों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू की गयी है.
रात्रि गश्त के दौरान 128 लीटर कफ सिरप बरामद
पुलिस की पहली कार्रवाई रात्रि गश्त के दौरान शेरनियां-भाग मोहब्बत रोड पर हुई. पुलिस ने प्रेमनगर वार्ड संख्या 14 निवासी मो अफरोज को 100 एमएल की 1280 बोतल कफ सिरप के साथ गिरफ्तार किया. बरामद कफ सिरप की कुल मात्रा 128 लीटर बतायी गयी है.
एनडीपीएस मामले में पहले से आरोप पत्रित है अफरोज
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार मो अफरोज पहले से एनडीपीएस मामले में आरोप पत्रित है. उसके खिलाफ नये मामले में प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद कफ सिरप कहां से लायी गयी थी और इसकी आपूर्ति कहां की जानी थी.
वाहन जांच में 16 लीटर कफ सिरप बरामद
दूसरी कार्रवाई वाहन जांच के दौरान की गयी. पुलिस ने एक ऑटो की जांच के दौरान 16 लीटर कोडीनयुक्त कफ सिरप बरामद की. इस मामले में हरियाबाड़ा वार्ड संख्या 07 निवासी नौशाद को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने बरामद कफ सिरप को जब्त कर आरोपित के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है.
नशे के कारोबार का नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
आरएस थानाध्यक्ष अंकुर ने बताया कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. दोनों गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस कफ सिरप की आपूर्ति करने वाले और इसे आगे खपाने वाले लोगों की जानकारी जुटाने के लिए बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही है.
