अररिया : शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने को लेकर नगर परिषद की ओर से नयी प्रक्रिया प्रारंभ की गयी है. इसके तहत अब सफाईकर्मियों को मोबाइल पर खुद की हाजिरी बनानी होगी. साथ ही उन्हें कार्य स्थल पर मोबाइल को ऑन भी रखना होगा.
यही नहीं उनकी हाजिरी बनाने के लिए प्रतिनियुक्त जमादार को कार्य स्थल पर जाकर फॉर्मेट में हाजिरी लेनी होगी. यही नहीं इसका अनुश्रवण किसी भी समय खुद से कार्यपालक पदाधिकारी उक्त स्थल पर जाकर करेंगे.
अगर उन्हें सबकुछ सही नहीं लगा तो संबंधित जमादार के साथ-साथ सफाईकर्मी की भी दैनिक मजदूरी काट ली जायेगी. यह प्रक्रिया सोमवार से नगर परिषद में लागू कर दी गयी है. इससे पूर्व कार्यपालक पदाधिकारी दीनानाथ सिंह की उपस्थिति में सफाई जमादार व सफाईकर्मियों की एक बैठक बुलायी गयी. यह बैठक अलसुबह बुलायी गयी, जहां उन्हें इन निर्देशों से अवगत कराया गया.
कार्यपालक पदाधिकारी श्री सिंह ने बताया कि सुबह में सफाई मजदूर आते थे और संबंधित वार्ड के लिए प्रस्थान कर जाते थे, लेकिन सफाई की व्यवस्था मुकम्मल नहीं हो पाती थी. बाद में जानकारी मिलती थी कि सफाई मजदूर काम करने के बजाय अपने घर निकल जाते थे. या फिर जांच होने पर कोई बहाना बना लेते थे.
इस व्यवस्था से मोबाइल से उनकी गतिविधि की जानकारी भी ली जायेगी साथ ही कार्य स्थल पर ही उनकी हाजिरी भी बनेगी. इससे शहर की सफाई व्यवस्था को सुधारने में काफी हद तक सफलता मिलेगी. इस मौके पर दीनानाथ सिंह के अलावा सफाई जमादार अतीकुर्रहमान, सफाई प्रभारी अरविंद कुमार, संतोष कुमार, अरुण कुमार व आदर्श शिवम उर्फ बब्बू आदि मौजूद थे.
