डंडखोरा : थाना क्षेत्र अंतर्गत सकरपुरा निवासी 48 वर्षीय लीलावती देवी पति विश्वनाथ दास की ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गयी. जबकि दो अन्य महिलाएं गंभीर रूप से जख्मी हो चुकी है.
इस घटना से आक्रोशित लोगों ने डंडखोरा थाना के समित सड़क जाम कर टायर जलाते हुए प्रदर्शन किया. बोरनी भाया रामभद्रपुर- शकरपुरा- डंडखोरा प्रधानमंत्री सड़क मार्ग के शकरपुरा मस्जिद के समीप बोरनी की ओर से तेज रफ्तार से डंडखोरा की ओर जा रही ट्रैक्टर की चपेट में आने से लीलावती की मौत मौके पर हो गयी.
जबकि दो अन्य महिला लख्खी देवी पति विनोद दास व झकसी देवी पति स्व महावीर दास गंभीर रूप से घायल हो गयी है. घायल को तत्काल सदर अस्पताल कटिहार भेज दिया गया है. डंडखोरा पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है. चालक फरार होने में कामयाब हो गया.
ग्रामीणों ने बताया कि महिलाएं बकरी लेकर बहियार की ओर जा रही थी. तभी तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर की चपेट में आ गयी. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सघन आबादी होने के बावजूद ट्रैक्टर चालकों द्वारा काफी स्पीड में गांव होकर ट्रैक्टर गुजारते है. जिससे अनहोनी की आशंका बनी रहती है. पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजने की कोशिश में थे.
लेकिन परिजनों एवं ग्रामीणों ने शव को वापस लाकर कटिहार-डंडखोरा- सोनैली सड़क के डंडखोरा थाना के सामने शव को रख कर लगभग डेढ़ घंटे तक सड़क जाम कर प्रदर्शन किया एवं टायर जलाया. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ट्रैक्टर चालक नाबालिग था.
उसकी तुरंत गिरफ्तारी की जाय तथा मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा दी जाय. साथ ही घायल महिलाओं का अच्छी तरह इलाज कराया जाय. जाम को हटाने के लिये अंचल पदाधिकारी संजय कुमार सिंहा, थाना अध्यक्ष संजय कुमार ने पीड़ित परिवार व ग्रामीणों से मिलकर आश्वासन दिया कि जल्द ही ड्राइवर की गिरफ्तारी होगी. मृतिका के आश्रित को प्रावधान के मुताबिक मुआवजा दिया जायेगा.
इस बीच मुखिया प्रतिनिधि कालिंदी देवी के मोबाइल पर एसपी विकास कुमार ने आक्रोशित लोगों को आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया. एसपी, सीओ व थानाध्यक्ष के पहल पर लोग शांत हुए तथा जाम हटाया. स्थानीय मुखिया की ओर से कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत तत्काल तीन हजार रुपया पीड़ित परिवार को उपलब्ध कराया. इस मौके पर समाजसेवी आशिक खान, मनोज प्रसाद गुप्ता, भाजपा मीडिया प्रभारी हरि मोहन सिंह, प्रभुनाथ सिंह आदि कई प्रतिनिधि उपस्थित थे.
