फारबिसगंज : मस्ती का त्योहार होली का रंग लोगों पर चढ़ने लगा है. विभिन्न स्कूलों एवं कोचिंग सेंटरों में होली की छुट्टियां होने लगी है. छात्रों एवं स्कूली बच्चों भी होली के रंगों में रंगने लगी है. शहर के विभिन्न शिक्षण संस्थाओं में गुरुवार को छात्रों ने एक दूसरे को गुलाल लगाकर बधाई दी.
छात्र-छात्राओं ने सुबह से ही विद्यालय परिसर में भी रंगों से एक-दूसरे को सराबोर तो किया ही साथ ही होली की बधाई के साथ एक दूसरे का मुह भी मीठा कराया. वहीं होली के रंगों के फुहार के बीच हास्टलों में भी होली का रंग चढने लगा है. हालांकि कई हास्टलों में छात्र छात्राएं होली के लिए अपने घरों का रुख भी करने लगे हैं. ऐसे में जाने से पूर्व सभी एक दूसरे को रंगकर होली का पर्व मना रहे हैं.
शहर के हाई स्कूल रोड,भागकोहलीया आदि स्कूलों में गुरुवार को आयोजित होली मिलन समारोह में नन्हें पांवों ने जमकर धमाल मचाया.मधुर वाद्य यंत्रों की धुन पर बच्चों ने ऐसी शमा बांधी कि बच्चों के साथ-साथ उनकी मम्मी भी थिरकने से खुद को रोक नहीं सकीं. होली गीतों के तान पर बच्चों के साथ उनके परिजनों ने भी सुर में सुर मिलाया.
इस दौरान जमकर अबीर-गुलाल उड़ाए गए. लड़कियों व महिलाओं ने एक दूसरे को गुलाल लगाकर प्रेम का पर्व होली की शुभकामनाएं दी. इस अवसर पर आलिया शम्स, अंजली वर्मा, श्रेया सिन्हा, पल्लवी बर्नवाल, सुषमा कुमारी आदि ने जम कर होली खेली. होली को लेकर बाजारों में होली के गानों से सारा वातावरण मस्ती में झूमने लगा है.
