अररिया में 100 फीट ऊंचे ध्वज स्तंभ पर लहराया तिरंगा, मुख्य पार्षद ने किया लोकार्पण

अररिया में 100 फीट ऊंचे ध्वज स्तंभ का लोकार्पण हुआ। मुख्य पार्षद विजय कुमार मिश्रा ने तिरंगा फहराकर शहर के गौरव और एकता का प्रतीक बताया।

प्रतिनिधि, अररिया देशभक्ति की भावना को नई ऊंचाई देते हुए अररिया नगर परिषद क्षेत्र में अब 100 फीट ऊंचा तिरंगा टावर (ध्वज स्तंभ) स्थापित किया गया है. जिला निबंधन कार्यालय के मुख्य द्वार पर स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा के समीप वार्ड संख्या 22 व अररिया आरएस वार्ड संख्या 03 में यह ध्वज स्तंभ लगाया गया है. मुख्य पार्षद विजय कुमार मिश्रा ने बुधवार को विधिवत पूजा-अर्चना के बाद इस तिरंगा टावर का लोकार्पण किया. करीब साढ़े 12 लाख रुपये की लागत से बने इस फ्लैग टावर पर 20 फीट लंबा व 30 फीट चौड़ा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया. - शहर की पहचान बनेगा टावर मुख्य पार्षद विजय कुमार मिश्रा ने कहा कि यह तिरंगा टावर सिर्फ लोहे का ढांचा नहीं, बल्कि शहरवासियों के गौरव व एकता का प्रतीक है. निबंधन कार्यालय आने-जाने वाले लोगों के साथ-साथ शहर के आम नागरिक व राहगीर भी अब दूर से ही तिरंगे के दर्शन कर सकेंगे. नगर परिषद अधिकारियों के अनुसार टावर पर उच्च गुणवत्ता वाले पाइप व ऑटोमैटिक पुली सिस्टम लगाया गया है. ताकि ध्वज को आसानी से फहराया उतारा जा सके. रात में विशेष लाइट की व्यवस्था भी की गई है. लोकार्पण के मौके पर नगर परिषद के उप मुख्य पार्षद गौतम कुमार साह, 28 वार्डों के नगर पार्षद व बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे. सभी ने एक स्वर में भारत माता की जय व वंदे मातरम के नारे लगाए व तिरंगे को सलामी दी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Rahul singh

Published by: Janardan Pandey

राहुल सिंह प्रिंट माध्यम में 10 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >